अमृतसरः भगतांवाला अनाज मंडी में पुलिस के सहायक उपनिरीक्षक की गोली मारकर हत्या

Ads

अमृतसरः भगतांवाला अनाज मंडी में पुलिस के सहायक उपनिरीक्षक की गोली मारकर हत्या

  •  
  • Publish Date - September 18, 2026 / 03:39 PM IST,
    Updated On - September 18, 2026 / 03:39 PM IST

अमृतसर, 18 सितंबर (भाषा) पंजाब के अमृतसर में भगतांवाला अनाज मंडी में मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात हमलावरों ने पंजाब पुलिस के एक सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) की गोली मारकर हत्या कर दी। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मृतक के परिजनों से मुलाकात की। इसके बाद यादव ने पत्रकारों को बताया कि एएसआई हरजीत सिंह के गले के पास एक गोली लगी है जो .30 बोर की पिस्तौल से चलाई गई है।

डीजीपी ने बताया कि घटना शुक्रवार रात करीब 12:30 बजे हुई, जब पीसीआर ड्यूटी पर तैनात एएसआई को मोटरसाइकिल सवार दो लोगों ने बेहद नजदीक से गोली मार दी।

पुलिस के अनुसार, इससे कुछ घंटे पहले बृहस्पतिवार की देर रात शहर के इस्लामाबाद इलाके में भी मोटरसाइकिल सवार दो लोगों ने एक व्यक्ति की उसके घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी थी। दोनों घटनाओं में आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए।

प्रदेश के तरनतारन जिले के निवासी एएसआई हरजीत सिंह को पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इससे पहले मई में भी अमृतसर जिले के हमजा गांव के पास हथियारबंद हमलावरों ने पंजाब पुलिस के एक एएसआई को गोली मार दी थी।

इस्लामाबाद इलाके की घटना में मृतक की पहचान साहिलप्रीत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, वह अपने घर के बाहर टहल रहे थे, तभी मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने उन पर गोली चला दी।

डीजीपी ने संवादाताओं से कहा, “मैंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और एएसआई के परिवार से मुलाकात की। प्रारंभिक जांच के अनुसार, हमलावर वारदात को अंजाम देने से पहले एएसआई का पीछा कर रहे थे। घटनास्थल से एक खाली कारतूस बरामद किया गया है, जिसे फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है।”

उन्होंने कहा कि पुलिस हमलावरों का पता लगाने के लिए इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और जल्द ही मामले में सफलता मिलने की उम्मीद है। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

प्रदेश पुलिस प्रमुख ने बताया कि गेट हकीमा थाने में तैनात एएसआई को बृहस्पतिवार रात करीब 9:30 बजे ड्यूटी के लिए अनाज मंडी इलाके में भेजा गया था।

भगतांवाला अनाज मंडी में हुई हत्या पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि दुख की इस घड़ी में सरकार एएसआई के परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है।

डीजीपी ने इससे पहले ‘एक्स’ पर कहा था कि अमृतसर जिले के बहादुर पुलिस अधिकारी एएसआई हरजीत सिंह ने ड्यूटी के दौरान अपने प्राण न्योछावर किए हैं और पंजाब पुलिस शोकाकुल परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने एएसआई के परिवार को एक करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।

जिले में हुई दो हत्याओं के बाद विपक्षी दलों ने पंजाब की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार को निशाना बनाते हुए राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने का आरोप लगाया है।

शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने ‘एक्स’ पर कहा कि अब तक तीन एएसआई की हत्या हो चुकी है।

उन्होंने कहा कि अमृतसर में एक ही रात में दो हत्याएं हुईं, जिनमें ड्यूटी पर तैनात एएसआई हरजीत सिंह की हत्या भी शामिल है। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर पुलिस सुरक्षित नहीं है तो आम पंजाबी कितने सुरक्षित हैं।

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने मुख्यमंत्री भगवंत मान को निशाना बनाते हुए ‘एक्स’ पर कहा कि न तो पंजाब पुलिस सुरक्षित है और न ही आम जनता। उन्होंने पुलिस थानों पर बार-बार हो रहे हमलों, एएसआई की हत्याओं और पुलिस चौकियों पर ग्रेनेड हमलों का हवाला देते हुए इसे सरकार की विफलता बताया और मुख्यमंत्री से राज्य की सुरक्षा पर ध्यान देने की अपील की।

भाषा रंजन रंजन पवनेश

पवनेश