ईटानगर, 18 सितंबर (भाषा) राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित फिल्मकार डोमिनिक संगमा के साथ अरुणाचल प्रदेश की राजधानी के बाहरी इलाके में कथित तौर पर दो लोगों ने मारपीट की। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मारपीट की यह घटना तब हुई जब संगमा ने भारतीय फिल्म और टेलीविजन संस्थान (एफटीआईआई) के छात्रों के एक समूह और आरोपियों के बीच हो रही लड़ाई में हस्तक्षेप किया।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने कथित तौर पर लाठियों से फिल्म निर्देशक पर हमला किया और इस मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
उन्होंने बताया कि मेघालय निवासी संगमा के साथ यह घटना बुधवार शाम को जोलांग-राकाप रोड पर हुई।
अधिकारी ने बताया कि एफटीआईआई के एक सुरक्षा गार्ड और चार छात्रों के साथ भी मारपीट की गई।
संगमा पूर्वोत्तर सिनेमा का चर्चित चेहरा हैं। वह गारो-भाषा की फिल्मों ‘रैपचर’ (रिमडोगिट्टांगा) और ‘मा.अमा’ के लिए मशहूर हैं,। इस समय संगमा एफटीआईआई के जोटे परिसर में पटकथा लेखन विभाग के प्रमुख हैं।
संगमा की पत्नी ने बताया कि फिल्मकार बुधवार शाम करीब 6.30 बजे टहलने निकले थे और उन्होंने दो लोगों को देखा, जो कथित तौर पर नशे में थे और लाठियों से एफटीआईआई छात्रों को डरा-धमका रहे थे।
उन्होंने कहा,‘‘जब फिल्म निर्देशक ने बीच-बचाव किया, तो उन दो लोगों ने लाठियों से उन पर हमला कर दिया।’’
अधिकारी ने बताया, ‘‘तहरीर के आधार पर पुलिस ने बालीजन पुलिस थाना में प्राथमिकी दर्ज की और राकाप गांव के दो निवासियों को गिरफ्तार कर लिया।’’
भाषा धीरज दिलीप
दिलीप