रांची, 31 जुलाई (भाषा) झारखंड के हजारीबाग जिले में शुक्रवार सुबह जंगल में गए शौच के लिए गए 71 वर्षीय बुजुर्ग को हाथी ने कुचल दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारी के अनुसार, यह घटना बेदमकी गांव में हुई। मृतक की पहचान शंकर पंडित के रूप में हुई है। उनके परिवार में पत्नी, दो बेटे और छह बेटियां हैं।
बरही रेंज के बीट प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि अपने झुंड से भटके एक हाथी ने पास के जंगल में शौच के लिए गए शंकर पंडित पर आज हमला कर दिया और उन्हें कुचलकर मार डाला।
कुमार ने बताया कि मृतक के परिवार को तत्काल राहत के तौर पर एक लाख रुपये दिए गए हैं। शेष नौ लाख रुपये का मुआवजा कुछ आधिकारिक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि झारखंड सरकार जंगली जानवरों के हमले में मौत होने पर पीड़ित परिवार को 10 लाख रुपये का मुआवजा देती है।
भाषा प्रचेता माधव
माधव