श्री विजयपुरम, 18 फरवरी (भाषा) अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में एक व्यक्ति को मोहपाश में फंसाकर और उसकी अर्धनग्न तस्वीरें और वीडियो प्रसारित करने का भय दिखाकर वसूली करने के आरोप में तीन महिलाओं सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
केंद्र शासित पुलिस की सीआईडी इकाई की अपराध और आर्थिक अपराध शाखा में दर्ज शिकायत के अनुसार, पीड़ित व्यक्ति एक डेटिंग ऐप के जरिये आरोपियों में से एक महिला के संपर्क में आया और उसे श्री विजया पुरम में धनिखारी जंक्शन के पास एक घर में कॉफी पर मुलाकात के लिए कथित तौर पर फुसलाकर बुलाया गया।
शिकायतकर्ता व्यक्ति के मुताबिक उसे बेहोशी की दवा मिला हुआ शीतल पेय दिया गया जिसे पीकर वह बेहोश हो गया। होश आने पर उसने स्वयं को अर्धनग्न स्थिति में पाया और उस समय दो महिलाएं और एक पुरुष कथित तौर पर उसके वीडियो और तस्वीरें खींच रहे थे।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘आरोपियों ने कथित तौर पर उसे झूठे मामले में फंसाने और हंगामा खड़ा करने की धमकी दी तथा कहा कि वीडियो और तस्वीरें उसके परिवार के सदस्यों को भेजी जाएंगी। उसे गलत तरीके से बंधक बनाया गया और यूपीआई के माध्यम से 50,000 रुपये आरोपियों के खाते में डालने के लिए मजबूर किया गया।’’
उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में खुलासा हुआ है कि यह गिरोह पिछले कई वर्षों से द्वीप पर सक्रिय था और कई लोगों को अपना शिकार बनाया था।
अधिकारी ने बताया कि आरोपियों को मंगलवार को सीआईडी ने गिरफ्तार कर अदालत के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
उन्होंने कहा, ‘‘जो भी व्यक्ति इस तरह की घटना का शिकार हुआ है, उसे कानूनी सहायता के लिए तुरंत अपराध और आर्थिक अपराध शाखा से संपर्क करना चाहिए।’’
भाषा धीरज मनीषा
मनीषा