आंध्र प्रदेश: सगाई समारोह में चोरी हुए सोने के आभूषण, कूरियर से लौटाए

Ads

आंध्र प्रदेश: सगाई समारोह में चोरी हुए सोने के आभूषण, कूरियर से लौटाए

  •  
  • Publish Date - March 16, 2026 / 01:29 PM IST,
    Updated On - March 16, 2026 / 01:29 PM IST

तिरुपति (आंध्र प्रदेश), 16 मार्च (भाषा) तिरुपति में एक सगाई समारोह के दौरान सोने के आभूषण चोरी हो गए लेकिन दिलचस्प बात यह रही कि चोरी किए गए आभूषण को कूरियर के माध्यम से लौटा दिया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि करीब 20 दिन पहले तिरुपति निवासी एक दंपति सगाई समारोह में शामिल होने नायडुपेटा आए थे और समारोह स्थल से उनके गहने चोरी हो गए थे।

नायडुपेटा के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) जी. चंतिबाबू ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘सगाई समारोह के दौरान कथित तौर पर चोरी हुए आभूषणों को बाद में एक कूरियर के माध्यम से वापस भेज दिया गया और दंपति को यह कूरियर घर के दरवाजे पर रखा मिला।’’

पुलिस के अनुसार, परिवार ने गहने मिलने के बाद अधिकारियों को सूचना दी।

पुलिस ने गहनों से उंगलियों के निशान एकत्र किए और चोरी में शामिल व्यक्ति की पहचान करने के लिए जांच शुरू की।

अधिकारियों को संदेह है कि लौटाए गए गहने परिवार के किसी परिचित ने चुराए होंगे, पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

भाषा यासिर शोभना

शोभना