आंध्र प्रदेश: पंचायत राज अधिकारी की बेटी का शव गोदावरी नदी से बरामद

आंध्र प्रदेश: पंचायत राज अधिकारी की बेटी का शव गोदावरी नदी से बरामद

आंध्र प्रदेश: पंचायत राज अधिकारी की बेटी का शव गोदावरी नदी से बरामद
Modified Date: August 21, 2026 / 06:53 pm IST
Published Date: August 21, 2026 6:53 pm IST

राजामुंद्री, 21 अगस्त (भाषा) आंध्र प्रदेश के कोथापेटा के पास गोदावरी नदी से पंचायत राज विभाग के एक सहायक अभियंता की बेटी का शव बरामद कर लिया गया, जबकि अधिकारी की पत्नी की तलाश जारी है। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पूर्वी गोदावरी जिले के दक्षिण जोन की पुलिस उपाधीक्षक ए. शिवप्रिया के अनुसार, क्षत-विक्षत शव बृहस्पतिवार को कोम्मारावरिपल्ली गांव की ओर नदी के बीच से बरामद किया गया।

शिवप्रिया ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘पंचायत राज विभाग के सहायक अभियंता जी. नुकाराजू की बेटी सौजन्या का शव कोथापेटा के पास गोदावरी नदी से बरामद कर लिया गया, जबकि उनकी पत्नी की तलाश जारी है, जो अब भी लापता हैं।’’

पुलिस के अनुसार, नुकाराजू रविवार शाम अपनी पत्नी, बेटी और पांचवीं कक्षा में पढ़ने वाले नाती के साथ चालक समेत कोव्वुर से राजामुंद्री की ओर रवाना हुए थे।

पुलिस ने बताया कि परिवार ने बाद में चालक को वापस भेज दिया और नुकाराजू की बेटी ने गाड़ी चलाते हुए यात्रा जारी रखी।

पुलिस के मुताबिक, रात करीब 11 बजकर 45 मिनट पर यहां सड़क-सह-रेल पुल के पास नुकाराजू की पत्नी गोदावरी नदी में कथित तौर पर कूद गईं और इसके बाद नुकाराजू, उनकी बेटी और नाती भी नदी में कूद गए।

पुलिस ने बताया कि तैराकी में माहिर और अखिल भारतीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुके नाती को बाद में स्थानीय मछुआरों ने बचा लिया।

पुलिस के अनुसार, नुकाराजू का शव सोमवार देर रात बरामद किया गया।

शिवप्रिया ने बताया कि नुकाराजू की पत्नी की तलाश के लिए अभियान जारी है।

पुलिस इस सिलसिले में कई लोगों से पूछताछ भी कर रही है।

पुलिस ने शेख सादिक खान की तलाश के लिए टीमें गठित की हैं, क्योंकि उसका नाम नुकाराजू द्वारा कथित तौर पर लिखे गए ‘सुसाइड नोट’ (आत्महत्या के पहले लिखे गये पत्र) में आया है।

पुलिस के अनुसार, नुकाराजू ने नोट में खान पर उनके परिवार को परेशान करने, घर में विवाद का कारण बनने और उनके बैंक खातों पर नियंत्रण हासिल करने की कोशिश करने का आरोप लगाया।

शिवप्रिया ने बताया कि खान के खिलाफ हाल में काकीनाडा में एक और मामला दर्ज किया गया था।

यह मामला सौजन्या की शिकायत पर दर्ज किया गया था।

सौजन्या ने शिकायत में आरोप लगाया था कि खान करीब दो साल से निजी वीडियो का इस्तेमाल कर उन्हें ब्लैकमेल कर रहा था और उनकी निजी जिंदगी से जुड़े अन्य मामलों को लेकर भी परेशान कर रहा था।

अधिकारी ने बताया कि सौजन्या ने यह भी आरोप लगाया कि खान ने पिछले महीने उसके पति की हत्या कर दी और घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की।

शिवप्रिया ने बताया कि ये आरोप सौजन्या द्वारा कथित तौर पर लिखे गए ‘सुसाइड नोट’ में लगाए गए हैं।

उन्होंने बताया कि नोट में कही गई बातों के आधार पर काकीनाडा थाने में खान के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।

अधिकारी ने बताया कि मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103 के तहत दर्ज किया गया है, जो हत्या के लिए सजा से संबंधित है।

उन्होंने बताया कि काकीनाडा मामले की भी जांच जारी है और मौजूदा मामले के साथ-साथ इसकी अलग से जांच की जा रही है।

भाषा जितेंद्र सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में