दिल्ली पुलिस ने पैलेट गन से युवक के घायल होने के मामले में प्राथमिकी दर्ज की
दिल्ली पुलिस ने पैलेट गन से युवक के घायल होने के मामले में प्राथमिकी दर्ज की
नयी दिल्ली, 21 अगस्त (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में ‘संसद चलो’ मार्च के दौरान 20 जुलाई को कथित तौर पर पैलेट गन के छर्रे लगने से एक युवक के घायल होने के संबंध में दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को प्राथमिकी दर्ज कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने 19 वर्षीय साहिल लोचब के छर्रे लगने से घायल होने के संबंध में प्राथमिकी दर्ज करने की मांग को लेकर संसद मार्ग थाने में धरना दिया, जिसके बाद यह कदम उठाया गया। लोचब कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के नेतृत्व वाले विरोध प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर छर्रे लगने से जख्मी हो गए थे।
यह प्राथमिकी लोचब की शिकायत पर दर्ज की गई है। नजफगढ़ के रहने वाले साहिल लोचब का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान उसे धातु के कई छर्रे लगे, जिससे उसने अपनी दाहिनी आंख की रोशनी खो दी।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 118 (खतरनाक हथियारों या साधनों से स्वेच्छा से चोट या गंभीर चोट पहुंचाना) और धारा 25 (दूसरों के जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालने वाला कृत्य) के तहत मामला दर्ज किया है।
लोचब की शिकायत के अनुसार, वह दिल्ली पुलिस भर्ती परीक्षा में कथित अनियमितताओं और नीट पेपर लीक के खिलाफ छात्रों के विरोध प्रदर्शन में भाग ले रहा था। संसद की ओर मार्च के दौरान जब भीड़ कनॉट प्लेस इलाके में पहुंची, तो वह तिरंगा लेकर आगे की ओर बढ़ा।
लोचब ने आरोप लगाया कि उसे अचानक अपने शरीर के दाहिने हिस्से-छाती, हाथ और आंख में कुछ लगने का अहसास हुआ। जब वह पीछे मुड़ा, तो उसने नीली वर्दी में एक कर्मी को बड़ी बंदूक लिए देखा और आरोप लगाया कि उस हथियार से कई धातु के छर्रे दागे गए थे।
लोचब ने बताया कि उसे करीब पांच या छह बार छर्रे लगे और उसकी आंख, चेहरे, हाथ व सीने से खून बहने लगा। उसने अपनी शिकायत में कहा कि उसकी दाहिनी आंख की रोशनी चली गई।
लोचब ने पुलिस को बताया कि उसे शुरुआत में बाइक से लेडी हार्डिंग अस्पताल ले जाया गया और बाद में सफदरजंग अस्पताल भेज दिया गया। इसके बाद उसे आरपीसी आई सेंटर और एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया।
शिकायत के मुताबिक, लोचब ने बताया कि उसे 21 जुलाई की दोपहर में भर्ती कराया गया था और 22 जुलाई की रात को उसकी आंख का पहला ऑपरेशन हुआ। उसने बताया कि मेडिकल रिकॉर्ड और एमएलसी में स्पष्ट रूप से उल्लेख है कि आंख में चोट छर्रे लगने के कारण लगी थी और डॉक्टरों ने उससे कहा कि प्रभावित आंख की रोशनी वापस आने की संभावना एक प्रतिशत से भी कम है।
लोचब ने कहा कि एम्स में सीटी स्कैन से उसके शरीर में 200 से अधिक धातु के छर्रे या टुकड़े दिखाई दिए, जिनमें उसकी आंख, सिर और दिल के पास का हिस्सा शामिल है।
शिकायत के अनुसार, कुछ छर्रे ऐसी जगहों पर फंसे हैं जहां डॉक्टरों ने कहा है कि उन्हें सुरक्षित रूप से नहीं निकाला जा सकता है।
लोचब ने बताया कि उससे कहा गया कि कुछ छर्रे उसकी बाकी जिंदगी के लिए उसकी आंख के अंदर और दिल के पास रह सकते हैं और उसका इलाज लंबा चलेगा।
उसने अपनी शिकायत में पुलिस को यह भी बताया कि 25 जुलाई को उसकी एक और जांच हुई तथा वह प्रभावित आंख से कुछ नहीं देख पा रहा है। 31 जुलाई को आरपीसी आई सेंटर/एम्स ओपीडी में उसकी जांच की गई और डॉक्टरों की सलाह पर तीन अगस्त को उसकी आंख का दूसरा ऑपरेशन हुआ।
लोचब की शिकायत में कहा गया है कि उसकी स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया और डॉक्टरों ने कहा कि रोशनी वापस आने की संभावना नगण्य है।
अपनी शिकायत में लोचब ने कहा कि वह दिल्ली पुलिस में शामिल होने की तैयारी कर रहा था, लेकिन चोट के कारण अब वह इस करियर को नहीं चुन सकता। लोचब ने कहा कि उसकी पढ़ाई भी बाधित हुई है, और उसका परिवार लंबे इलाज का खर्च उठाने में आर्थिक रूप से सक्षम नहीं है।
लोचब ने पुलिस से अनुरोध किया कि इलाज के दौरान उसके शरीर से निकाले गए धातु के छर्रों या टुकड़ों को जब्त कर जांच के लिए भेजा जाए। उसने लेडी हार्डिंग अस्पताल, सफदरजंग अस्पताल, आरपीसी आई सेंटर, एम्स और एम्स ट्रॉमा सेंटर से अपने मेडिकल रिकॉर्ड और इलाज के दस्तावेज एकत्र करने की भी मांग की।
लोचब ने शिकायत में यह भी अनुरोध किया कि उसे मुआवजा देने के लिए विचार किया जाए, क्योंकि उसका इलाज लंबे समय तक चलने की संभावना है।
इससे पहले दिन में, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने लोचब के साथ पहले मंदिर मार्ग थाने का दौरा किया और प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की। जब उनकी मांग स्वीकार नहीं की गई, तो वह संसद मार्ग थाने गए और नई दिल्ली जिले के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) सचिन शर्मा से मुलाकात की।
मुलाकात का कोई नतीजा न निकलने पर राहुल गांधी थाने में धरने पर बैठ गए, जहां डीसीपी का दफ्तर भी है। लोचब अपनी मां के साथ वहां मौजूद था। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाद्रा और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता भी इस धरने में शामिल हुए।
भाषा नोमान नोमान अविनाश शफीक
शफीक

Facebook


