आंध्र प्रदेश: बाढ़ के बाद नेपाल में कुप्पम का निवासी लापता, परिवार का संपर्क नहीं हो पा रहा
आंध्र प्रदेश: बाढ़ के बाद नेपाल में कुप्पम का निवासी लापता, परिवार का संपर्क नहीं हो पा रहा
कुप्पम (आंध्र प्रदेश), 27 अगस्त (भाषा) आंध्र प्रदेश के कुप्पम शहर का एक निवासी नेपाल में अचानक आयी विनाशकारी बाढ़ के बाद लापता है और उससे संपर्क नहीं हो पा रहा है। उसके परिवार ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
बालासुब्रह्मण्यम 26 अगस्त से लापता हैं। अचानक आई बाढ़ के कारण क्षेत्र में संचार व्यवस्था बाधित हो गई है और उनका फोन काम नहीं कर रहा है, जिसके चलते परिवार उनसे संपर्क नहीं कर पा रहा है।
उनके भाई श्रीकांत ने बताया कि बालासुब्रह्मण्यम ईशा फाउंडेशन से जुड़े एक समूह के साथ नेपाल गए थे।
श्रीकांत ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘मेरे भाई बालासुब्रह्मण्यम 26 अगस्त से नेपाल में लापता हैं। अचानक आई बाढ़ के कारण संचार व्यवस्था बाधित हो गई है और उनका फोन काम नहीं कर रहा है, इसलिए हम उनसे संपर्क नहीं कर पा रहे हैं।’’
श्रीकांत ने बताया कि उनके भाई 14 अगस्त को काठमांडू से नेपाल के अन्य हिस्सों के लिए रवाना हुए थे। उन्होंने मंगलवार सुबह आखिरी बार परिवार से संपर्क किया था और बताया था कि सब कुछ ठीक है तथा उनका समूह 29 अगस्त को हैदराबाद पहुंचने वाला था।
बाद में परिवार को पता चला कि बुधवार सुबह यह समूह ग्यिरोंग आव्रजन केंद्र में था और वहां अचानक बाढ़ आई थी।
परिवार ने मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू के कार्यालय को इसकी जानकारी दे दी है और बालासुब्रह्मण्यम के बारे में पता लगाने के लिए भारतीय दूतावास तथा सरकारी अधिकारियों के संपर्क में है।
श्रीकांत ने बताया कि सरकार प्रभावित क्षेत्रों में फंसे लोगों का पता लगाने और उनकी सहायता के लिए प्रयास कर रही है। सरकार ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं, जिनके माध्यम से परिवार उनके भाई के बारे में जानकारी हासिल करने की कोशिश कर रहा है।
इस बीच, नयी दिल्ली में स्थित आंध्र प्रदेश भवन की स्थिति रिपोर्ट के अनुसार नेपाल-चीन सीमा क्षेत्र में हालात गंभीर बने हुए हैं। कई इलाकों में भारी बाढ़ है, संचार व्यवस्था बाधित है और बचाव अभियान जारी है।
नेपाल सेना, पुलिस और सशस्त्र पुलिस बल के जवान करीब 15 हेलीकॉप्टरों की मदद से बड़े पैमाने पर बचाव अभियान चला रहे हैं। रिपोर्ट में कहा गया कि भारत ने मानवीय सहायता की पेशकश की है और भारतीय वायुसेना के सी-130जे विमान से 10 टन राहत सामग्री नेपाल भेजी है।
आंध्र प्रदेश भवन भारतीय मिशनों, नेपाल और चीन के अधिकारियों तथा तीर्थयात्रा से जुड़े संगठनों के साथ लगातार समन्वय कर रहा है, ताकि आंध्र प्रदेश के प्रभावित तीर्थयात्रियों का पता लगाया जा सके और उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला जा सके।
भाषा गोला मनीषा
मनीषा

Facebook


