चेन्नई, 12 जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी की तमिलनाडु इकाई के पूर्व अध्यक्ष के. अन्नामलाई अपने फाउंडेशन के ‘‘नशा मुक्ति’’ अभियान के तहत रविवार को कोयंबटूर के निकट पोल्लाची में एक जनसभा को संबोधित करेंगे।
अन्नामलाई के समर्थक अमर प्रसाद रेड्डी ने रविवार को यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा कि नशीले पदार्थों की लत तमिलनाडु ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गंभीर समस्या बन गयी है।
उन्होंने कहा कि नशे के कारण छात्र अवसाद और लत की समस्या से जूझ रहे हैं।
रेड्डी ने कहा, ‘‘अन्नामलाई ने इस महीने को ‘नशा मुक्ति माह’ घोषित किया है और अभियान के समर्थन में लोगों से सफेद पट्टी पहनने की अपील की गई है।’’
रेड्डी ने दावा किया कि पोल्लाची में होने वाले कार्यक्रम में 50,000 से 75,000 लोगों के शामिल होने की उम्मीद है और इसका उद्देश्य पूरी तरह सामाजिक है।
भाजपा छोड़ने के बाद यह अन्नामलाई का पहला बड़ा सार्वजनिक कार्यक्रम होगा। उनका ‘वी द लीडर्स फाउंडेशन’ नशा विरोधी अभियान के तहत मैराथन, चिकित्सा शिविर, वॉकाथॉन, साइक्लोथॉन और विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित कर रहा है।
भाषा गोला रंजन
रंजन