रक्षा बंधन पर मिठाई, चॉकलेट के अलावा तोहफे के लिए अब नए विकल्पों की तलाश
रक्षा बंधन पर मिठाई, चॉकलेट के अलावा तोहफे के लिए अब नए विकल्पों की तलाश
नयी दिल्ली, 27 अगस्त (भाषा) भाई-बहनों की नोकझोंक, अंतहीन हंसी-मजाक और जीवन भर एक-दूसरे की टांग खिंचाई उनके रिश्ते की एक पहचान है। लेकिन रक्षा बंधन आते ही, ये नोकझोंक पीछे छूट जाती है क्योंकि भाई-बहन एक-दूसरे के लिए सबसे अच्छा उपहार ढूंढने में जुट जाते हैं।
सोच-समझकर चुने गए तोहफों से लेकर मजेदार आश्चर्य तक, यह साल का वह समय होता है जब भाई-बहन एक-दूसरे को खुश करने में कोई कसर नहीं छोड़ते।
इस साल भी स्थिति अलग नहीं है और न ही इतने सारे विकल्पों के बीच किसी प्रियजन के लिए एकदम सही तोहफा ढूंढ़ने की चुनौती कम हुई है।
मिठाई और चॉकलेट के पुराने विकल्पों से हटकर तोहफे के लिए और भी कई बेहतरीन चीजें मौजूद हैं – जैसे कि स्टाइलिश और काम की चीज़ें (जैसे पैन और कास्ट-आयरन डच ओवन), घर की सजावट का सामान (जैसे मूर्तियां, कैंडल स्टैंड और हाथ से बने चमड़े के सामान)।
‘प्रोजेक्टर’, ‘डिजिटल फ्रेम’ और ‘फिटनेस बैंड’ जैसे उपकरण स्मार्ट विकल्प हो सकते हैं, जबकि सुंदरता एवं खाने-पीने की चीजों वाले हैम्पर तोहफे को और भी खास बनाते हैं।
सेहत का ध्यान रखने वाले भाई-बहन के लिए स्वास्थ्य से जुड़ी कई चीजें भी मौजूद हैं।
प्रबंधन पेशेवर अनुषा जायसवाल (43) ने कहा, ‘‘मेरे भाई को प्रौद्योगिकी का बहुत शौक है। इसलिए, कोई उपकरण हमेशा एक अच्छा विकल्प होता है। असल सवाल यह है कि कौन सा उपकरण लूं। मैं स्पीकर, प्रोजेक्टर और प्लेस्टेशन के बीच भ्रमित हूं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘चूंकि आजकल वह खाना पकाने में भी हाथ आजमा रहे हैं, इसलिए मैं किसी फैंसी कुकवेयर या उपकरण के बारे में भी सोच रही हूं। देखते हैं क्या होता है।’’
उनकी उलझन इस साल राखी पर तोहफे देने के तरीके में आए बड़े बदलाव को दिखाती है। खरीददार अब पारंपरिक मिठाइयों और चॉकलेट से हटकर ऐसे तोहफे ढूंढ रहे हैं जो खास हों, काम के हों और जिन्हें लड़का या लड़की कोई भी इस्तेमाल कर सके।
कुकवेयर ब्रांड ‘एम्बर’ ने त्योहारों के दौरान बिक्री बढ़ने की उम्मीद में अपने नए उत्पाद- ‘सुपरपैन’ और ‘मार्वल ओवन’ – बाजार में उतारे हैं। स्पेशलिटी कॉफ़ी ब्रांड ‘कोफ़ीहॉस’ रोजमर्रा की ज़िंदगी में कुछ खास और आरामदायक चीज़ों की चाहत को पूरा करने के लिए त्योहारों के खास ‘हैम्पर्स’ पेश कर रहा है, जिनमें कॉफ़ी के साथ उसे बनाने का सामान भी शामिल है।
इलेक्ट्रॉनिक्स और ‘ग्रूमिंग उत्पाद’ भी राखी तोहफे का हिस्सा बन रहे हैं। ब्रांड ऐसे उत्पादों पर दांव लगा रहे हैं जो निजी होने के साथ-साथ काम के भी हों।
‘एक्स इलेक्ट्रोन’ को त्योहारों और तोहफे देने के मौसम में डिजिटल फोटो फ्रेम की मांग लगभग दोगुनी होती दिख रही है, जबकि पोर्टेबल प्रोजेक्टर की मांग में 30 प्रतिशत की बढ़ोतरी देखी जा रही है।
‘कॉन्फेडरेशन ऑफ़ ऑल इंडिया ट्रेडर्स’ के अनुमान के मुताबिक, देश में त्योहारों के दौरान कुल कारोबार 30,000 करोड़ रुपये से ज़्यादा हो सकता है।
उम्मीद है कि इसमें से दिल्ली का हिस्सा करीब 4,000 करोड़ रुपये का होगा।
भाषा राजकुमार मनीषा
मनीषा

Facebook


