सेना कमांडर ने जम्मू-कश्मीर के पुंछ में एलओसी के पास ‘बनवत एकता स्थल’ का उद्घाटन किया

सेना कमांडर ने जम्मू-कश्मीर के पुंछ में एलओसी के पास ‘बनवत एकता स्थल’ का उद्घाटन किया

सेना कमांडर ने जम्मू-कश्मीर के पुंछ में एलओसी के पास ‘बनवत एकता स्थल’ का उद्घाटन किया
Modified Date: February 21, 2026 / 09:18 pm IST
Published Date: February 21, 2026 9:18 pm IST

जम्मू, 21 फरवरी (भाषा) सेना के उत्तरी कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा ने शनिवार को जम्मू – कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के पास स्थित ‘बनवत एकता स्थल’ का उद्घाटन किया। यह एक सार्वजनिक स्मारक है जो राष्ट्रीय गौरव और संप्रभुता का प्रतीक है।

एक रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि यह परियोजना रिकॉर्ड 45 दिनों में पूरी हुई और इसमें 105 फीट ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज लगा है, जो पुंछ जिले का सबसे ऊंचा ध्वज है।

प्रवक्ता ने बताया कि नियंत्रण रेखा से महज दो किलोमीटर की दूरी पर स्थित और पीर पंजाल पर्वतमाला की मनोरम पृष्ठभूमि में बसे इस स्थल के देश और विदेश से पर्यटकों को आकर्षित करने की उम्मीद है, जिससे स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलेगा और बांदी चेचियां गांव और आसपास के क्षेत्रों में छोटे व्यवसायों को प्रोत्साहन मिलेगा।

राष्ट्रीय ध्वज के अलावा, इस सुविधा में मनोरंजन के लिए एक बच्चों का पार्क और शांति और मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के लिए एक ‘एकता मंडप’ भी शामिल है।

प्रवक्ता ने कहा कि यह पहल राष्ट्र निर्माण, सामुदायिक विकास और सीमावर्ती क्षेत्रों में एकता को मजबूत करने के प्रति सेना की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है।

प्रवक्ता ने बताया कि उद्घाटन समारोह तिरंगा फहराने के साथ-साथ एक चिकित्सा और रक्तदान शिविर के आयोजन के साथ हुआ।

उन्होंने बताया कि जागरूकता कार्यक्रम के तहत बच्चों को शैक्षिक किट वितरित किए गए, जरूरतमंदों को कंबल दिए गए और महिलाओं को सैनिटरी पैड दिए गए।

भाषा

प्रशांत माधव

माधव


लेखक के बारे में