हिंसा के बाद मेघालय के पश्चिम गारो हिल्स में सेना तैनात की गई
हिंसा के बाद मेघालय के पश्चिम गारो हिल्स में सेना तैनात की गई
शिलांग, 10 मार्च (भाषा) मेघालय के पश्चिम गारो हिल्स जिले में सेना तैनात कर दी गई है, जहां दो गुटों के बीच झड़प होने के बाद सुरक्षाबलों की गोलीबारी में दो लोग मारे गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि गारो हिल्स स्वायत्त जिला परिषद (जीएचएडीसी) चुनावों की नामांकन प्रक्रिया के दौरान तनाव के बीच हिंसक भीड़ को तितर-बितर करने के लिए सुरक्षाबलों ने गोलीबारी की।
रक्षा प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल महेंद्र रावत ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘नागरिक प्रशासन के अनुरोध पर पश्चिम गारो हिल्स में सेना की टुकड़ियां तैनात की गई हैं और वे फ्लैग मार्च कर रही हैं।’’
हालांकि, उन्होंने इस बारे में नहीं बताया कि इलाके में शांति बहाल करने के लिए कितने सैन्यकर्मी तैनात किए गए हैं।
पश्चिम गारो हिल्स के पुलिस अधीक्षक अब्राहम टी. संगमा ने बताया कि घटना चिबिनांग इलाके में हुई, जहां आदिवासी और गैर-आदिवासी समूहों के बीच झड़प हुई।
भाषा
नेत्रपाल दिलीप
दिलीप

Facebook


