अगरतला हवाई अड्डे पर सीआईएसएफ कर्मियों के लिए सेना ने शुरू किया विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम

अगरतला हवाई अड्डे पर सीआईएसएफ कर्मियों के लिए सेना ने शुरू किया विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम

अगरतला हवाई अड्डे पर सीआईएसएफ कर्मियों के लिए सेना ने शुरू किया विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम
Modified Date: July 28, 2026 / 01:34 pm IST
Published Date: July 28, 2026 1:34 pm IST

अगरतला, 28 जुलाई (भाषा) भारतीय सेना ने अगरतला हवाई अड्डे पर तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के कर्मियों के लिए दो सप्ताह का विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि सैन्य-नागरिक समन्वय के व्यापक ढांचे के तहत आयोजित इस संयुक्त पहल का उद्देश्य संचालन संबंधी विशेषज्ञता को मजबूत करना, सामरिक तैयारियों को बेहतर बनाना और बदलती सुरक्षा चुनौतियों के खिलाफ महत्वपूर्ण विमानन बुनियादी ढांचे को सुरक्षित करना है।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम सोमवार से शुरू हुआ।

अधिकारी ने बताया कि अगले 14 दिनों तक सेना के प्रशिक्षक सीआईएसएफ कर्मियों को उन्नत सुरक्षा प्रक्रियाओं का प्रशिक्षण देंगे। इसमें औद्योगिक और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे की सुरक्षा, त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) अभ्यास, ड्रोन रोधी अभियान और संभावित खतरों से निपटने जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘आधुनिक सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए सभी एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल और एकीकृत प्रतिक्रिया की जरूरत है। भारतीय सेना की सामरिक क्षमता और सीआईएसएफ की विशेष विमानन सुरक्षा जिम्मेदारी को एक साथ लाने से अगरतला के प्रमुख प्रवेश द्वार की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी।’’

अधिकारी ने कहा कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के साथ क्षमता निर्माण और बेहतर परिचालन समन्वय स्थापित करने की भारतीय सेना की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

अगरतला हवाई अड्डा भारत-बांग्लादेश सीमा के करीब स्थित है और यह पूर्वोत्तर क्षेत्र का दूसरा सबसे व्यस्त हवाई अड्डा है। वित्त वर्ष 2025-26 में यहां करीब 15 लाख यात्रियों का आवागमन दर्ज किया गया।

भाषा मनीषा माधव

माधव


लेखक के बारे में