राजस्थान पुलिस अकादमी ने मैनचेस्टर विश्वविद्यालय के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर किये
राजस्थान पुलिस अकादमी ने मैनचेस्टर विश्वविद्यालय के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर किये
जयपुर, 28 जुलाई (भाषा) राजस्थान पुलिस ने पुलिस कल्याण, मानसिक स्वास्थ्य, प्रशिक्षण और अनुसंधान के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए ब्रिटेन के यूनिवर्सिटी ऑफ मैनचेस्टर के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
राजस्थान पुलिस अकादमी और यूनिवर्सिटी ऑफ मैनचेस्टर के बीच यह समझौता पुलिस मुख्यालय में पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कुमार शर्मा की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक शर्मा ने कहा कि करीब 200 वर्ष पुराने इस प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय के साथ जुड़ना राजस्थान पुलिस के लिए एक ऐतिहासिक अवसर है।
उन्होंने कहा कि राजस्थान पुलिस के अनुभव और उपलब्ध आंकड़ों तथा विश्वविद्यालय की शोध विशेषज्ञता के समन्वय से पुलिसिंग, पुलिस कल्याण, मानसिक स्वास्थ्य व प्रशिक्षण के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित होंगे।
शर्मा ने कहा कि इस साझेदारी से पुलिस अधिकारियों और कार्मिकों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम, ऑनलाइन एवं ऑफलाइन प्रशिक्षण, सेमिनार, कार्यशालाओं और विशेषज्ञ व्याख्यानों का लाभ मिलेगा, जिससे तनाव प्रबंधन, मानसिक स्वास्थ्य व पेशेवर दक्षता को भी मजबूती मिलेगी।
आधिकारिक बयान के अनुसार, प्रारंभिक चरण में सहयोग विश्वविद्यालय के ‘स्कूल ऑफ हेल्थ साइंसेज’ के साथ किया जाएगा।
समझौते के तहत मानसिक स्वास्थ्य, सामाजिक देखभाल, स्वास्थ्य विज्ञान, पुलिस कल्याण और अन्य साझा विषयों पर संयुक्त शोध एवं अनुसंधान किए जाएंगे। डीजीपी शर्मा ने इस दौरान हाल के वर्षों में पुलिसकर्मियों द्वारा आत्महत्या की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए विश्वविद्यालय के प्रतिनिधियों से इस विषय पर विशेष अध्ययन कर सुझाव देने का आग्रह किया।
समारोह में राजस्थान पुलिस अकादमी की ओर से अतिरिक्त निदेशक शंकरदत्त शर्मा तथा विश्वविद्यालय की ओर से प्रो. विमल कुमार शर्मा ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए।
भाषा पृथ्वी जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


