अरुणाचल: दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार कार्यकर्ता, 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया
अरुणाचल: दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार कार्यकर्ता, 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया
ईटानगर, 19 जून (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के पूर्वी सियांग जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाने वाले सामाजिक कार्यकर्ता गुमीन मिजे को कथित तौर पर दुष्कर्म के एक मामले में गिरफ्तार किया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पूर्वी सियांग के पुलिस अधीक्षक पंकज लाम्बा ने बताया कि मिजे को बृहस्पतिवार को पासीघाट महिला थाने की टीम ने गिरफ्तार किया था।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तारी के बाद मिजे को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
अधिकारी के अनुसार, आरोपी को अपराह्न करीब दो बजे हिरासत में लिया गया था और बाद में अदालत ने मामले की जांच पूरी होने तक उन्हें न्यायिक हिरासत में रखने का आदेश दिया।
पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई एक महिला द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी के आधार पर की गई।
महिला ने शिकायत में आरोप लगाया कि उसके पति के नशा मुक्ति केंद्र में उपचार के दौरान मिजे ने उससे दुष्कर्म किया, उसका यौन उत्पीड़न व शोषण किया और हथियार दिखाकर उसे धमकाया।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और सभी आरोपों की गहनता से पड़ताल की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, फिलहाल अदालत के समक्ष आरोपों की सत्यता सिद्ध होना बाकी है और जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
महिला ने शिकायत में आरोप लगाया कि वह अप्रैल में मिजे के पास अपने पति के लिए मदद मांगने गई थी।
उसके पति को ‘अरुणाचल प्रदेश एंटी-ड्रग वॉरियर्स’ द्वारा चलाए जा रहे नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया गया था।
महिला ने आरोप लगाया कि 29 अप्रैल को मिजे उसे अपनी गाड़ी में एक सुनसान जगह ले गया और उससे दुष्कर्म किया।
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि मिजे ने पिस्तौल दिखाकर उसे धमकाया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(1), 75(2), 126(2), 351(3) और शस्त्र अधिनियम की धारा 27 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
भाषा जितेंद्र रंजन
रंजन

Facebook


