अरुणाचल सतत विकास का मार्ग प्रशस्त करता है : राज्यपाल

अरुणाचल सतत विकास का मार्ग प्रशस्त करता है : राज्यपाल

अरुणाचल सतत विकास का मार्ग प्रशस्त करता है : राज्यपाल
Modified Date: September 9, 2026 / 07:25 pm IST
Published Date: September 9, 2026 7:25 pm IST

ईटानगर, नौ सितंबर (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) के. टी. परनाइक ने बुधवार को कहा कि बेहतर संपर्क व्यवस्था और प्रमुख क्षेत्रों में निवेश से पूरे राज्य में विकास को गति मिली है, जिससे पिछले एक दशक में महत्वपूर्ण बदलाव आया है।

उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन की मौजूदगी में विधानसभा के विशेष सत्र को संबोधित करते हुए परनाइक ने कहा कि 2014 से राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष ध्यान दिया गया और बड़े पैमाने पर निवेश किया गया है। उन्होंने कहा कि इनमें सड़क, रेलवे, हवाई संपर्क, स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, पर्यटन, डिजिटल बुनियादी ढांचा और सीमावर्ती क्षेत्रों का विकास शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि संपर्क व्यवस्था राज्य के बदलाव की रीढ़ बनकर उभरी है। राज्यपाल ने कहा कि डोन्यी पोलो हवाई अड्डे के संचालन, राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क के विस्तार, रेलवे संपर्क से पहुंच में सुधार हुआ है और डिजिटल बुनियादी ढांचे से आर्थिक अवसरों के नए द्वार खुले हैं।

परनाइक ने शासन व्यवस्था में किए गए सुधारों को भी रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि ‘सरकार आपके द्वार’ और ‘सेवा आपके द्वार’ जैसी पहल से खासकर दूरदराज और दुर्गम इलाकों के लोगों तक सेवाएं घर-घर तक पहुंचाई गई हैं।

राज्यपाल ने कहा, ‘‘इन पहल से जनता का भरोसा मजबूत हुआ है, सेवाओं की उपलब्धता बेहतर हुई है और इस सिद्धांत को मजबूती मिली है कि शासन की पहुंच आखिरी गांव के आखिरी नागरिक तक होनी चाहिए।’’

भाषा शफीक नरेश

नरेश


लेखक के बारे में