अरुणाचल प्रदेश: लापता युवक का शव तिस्सा नदी से बरामद

अरुणाचल प्रदेश: लापता युवक का शव तिस्सा नदी से बरामद

अरुणाचल प्रदेश:  लापता युवक का शव तिस्सा नदी से बरामद
Modified Date: April 4, 2026 / 08:53 pm IST
Published Date: April 4, 2026 8:53 pm IST

ईटानगर, चार अप्रैल (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के तिरप जिले में तिस्सा नदी की तेज धारा में बहकर लापता हुए एक युवक का शव शनिवार को राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और स्थानीय प्रशासन द्वारा चलाए गए संयुक्त खोज एवं बचाव अभियान के बाद बरामद कर लिया गया।

एक आधिकारिक रिपोर्ट के अनुसार, चासा गांव के निवासी 25 वर्षीय लाइचाट वांगपन का शव खोंसा से आई एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने ओटोंगखोआ गांव के पास तिस्सा नदी से बरामद किया।

इससे पहले, उसके बड़े भाई वांगथोआ वांगपन का शव दो अप्रैल को खोज अभियान के शुरुआती चरण में नदी से बरामद किया गया था।

यह घटना बुधवार को उस समय हुई, जब दोनों भाई तीन अन्य लोगों के साथ चोपनू गांव से घर लौट रहे थे, जहां वे लाइचाट की सात अप्रैल को प्रस्तावित शादी के लिए मांस खरीदने गए थे।

वापसी के दौरान समूह के तीन सदस्य दो मवेशियों के साथ सुरक्षित रूप से नदी पार करने में सफल रहे, लेकिन वांगथोआ कथित तौर पर फिसलकर नदी में गिर गया। उसे बचाने के प्रयास में लाइचाट भी पानी में कूद गया, लेकिन चाजनपोंग के पास तेज धारा में दोनों बह गए।

इसके बाद अन्य सदस्यों ने ग्रामीणों और परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद एसडीआरएफ और अन्य एजेंसियों में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई और खोज अभियान शुरू किया गया।

लगातार प्रयासों के बावजूद शुरुआती चरण में छोटे भाई का पता नहीं चल सका। बाद में चार अप्रैल को एनडीआरएफ भी अभियान में शामिल हुई और एसडीआरएफ तथा स्थानीय ग्रामीणों की मदद से दूसरे युवक का शव नदी से बरामद किया गया।

भाषा

राखी शुभम दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में