अरुणाचल: मुख्यमंत्री ने बाढ़ राहत के लिए सहायता देने पर प्रधानमंत्री और गृह मंत्री का जताया आभार

Ads

अरुणाचल: मुख्यमंत्री ने बाढ़ राहत के लिए सहायता देने पर प्रधानमंत्री और गृह मंत्री का जताया आभार

  •  
  • Publish Date - August 2, 2026 / 03:24 PM IST,
    Updated On - August 2, 2026 / 03:24 PM IST

ईटानगर, दो अगस्त (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने रविवार को बाढ़ प्रभावित राज्य के लिए केंद्र सरकार द्वारा राज्य आपदा प्रतिक्रिया निधि (एसडीआरएफ) के तहत 44.55 करोड़ रुपये की अग्रिम सहायता जारी करने को मंजूरी देने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त किया।

खांडू ने कहा कि समय पर मिली आर्थिक मदद से बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित इलाकों में राज्य सरकार द्वारा जारी राहत कार्यों को काफी मजबूती मिलेगी। उन्होंने बुनियादी ढांचे, कृषि भूमि और ग्रामीण बस्तियों को हुए नुकसान का मौके पर जाकर जायजा लेने के लिए केंद्र द्वारा अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय दल (आईएमसीटी) भेजने के कदम की भी सराहना की।

उन्होंने कहा, ‘अरुणाचल प्रदेश के लोगों की ओर से मैं इस कठिन समय में हमारे राज्य के कल्याण के लिए भारत सरकार के निरंतर सहयोग की ईमानदारी से सराहना करता हूं।’

अरुणाचल प्रदेश में पिछले कुछ हफ्तों से मॉनसून की भारी बारिश हो रही है, जिससे कई जिलों में अचानक बाढ़, नदियों का जलस्तर बढ़ने और जबरदस्त भूस्खलन जैसी स्थितियां पैदा हो गई हैं।

भाषा

शुभम रंजन

रंजन