अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल ने अभियोजन तंत्र मजबूत करने और त्वरित न्याय सुनिश्चित करने पर दिया जोर
अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल ने अभियोजन तंत्र मजबूत करने और त्वरित न्याय सुनिश्चित करने पर दिया जोर
ईटानगर, 13 जुलाई (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) के. टी. परनाइक ने सोमवार को राज्य के अभियोजन तंत्र को मजबूत करने और खासकर महिलाओं व बच्चों के खिलाफ अपराधों के मामलों में त्वरित न्याय की जरूरत पर बल दिया।
राज्यपाल ने जांच एजेंसियों, अभियोजकों और अन्य संबंधित पक्षों के बीच बेहतर तालमेल का भी आह्वान किया।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, परनाइक ने राज्य के नवनियुक्त अतिरिक्त महाधिवक्ता दुगमार कामदुक से लोक भवन में शिष्टाचार भेंट के दौरान ये बातें कहीं।
राज्यपाल ने महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराध के मामलों में तुलनात्मक रूप से कम अभियोग और दोष सिद्धि दर पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे अपराधों में त्वरित, संवेदनशील और प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि न्याय प्रणाली में जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए एक सशक्त और कुशल अभियोजन तंत्र अत्यंत आवश्यक है।
परनाइक ने दक्षता विकास, व्यावसायिक प्रशिक्षण और बेहतर संस्थागत सहायता के जरिए अभियोजन निदेशालय को मजबूत करने की जरूरत पर भी बल दिया।
उन्होंने विश्वास जताया कि अतिरिक्त महाधिवक्ता कानून के शासन को बनाए रखते हुए और राज्य सरकार तथा जनता के हितों की सेवा करते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ करेंगे।
भाषा
खारी दिलीप
दिलीप

Facebook


