अरुणाचल प्रदेश : भारी बारिश के कारण भूस्खलन से एक महत्वपूर्ण सड़क प्रभावित
अरुणाचल प्रदेश : भारी बारिश के कारण भूस्खलन से एक महत्वपूर्ण सड़क प्रभावित
ईटानगर, तीन जून (भाषा) अरुणाचल प्रदेश में बुधवार को भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर भूस्खलन होने से एक महत्वपूर्ण मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
लोअर सियांग जिले के आपदा प्रबंधन अधिकारी (डीडीएमओ) तारिक नितान ने कहा कि अकाजन-लिकाबाली-बामे रोड पर स्थित सिजी, हाथी नाला और ब्रह्मपुत्र व्यू प्वाइंट के वास यातायात बाधित होने की सूचना है।
यह सड़क लोअर सियांग, लेपाराडा, पश्चिम सियांग और ऊपरी सुबनसिरी जिलों को जोड़ती है।
अधिकारियों ने बताया कि जिला प्रशासन ने मलबा हटाकर दोपहर तक यातायात बहाल कर दिया।
प्रशासन ने लोगों को इस मार्ग का उपयोग करते समय सावधानी बरतने की सलाह दी और चेतावनी दी कि लगातार बारिश के कारण भूस्खलन होने से सड़कों पर मलबा जमा हो सकता है।
इस बीच, सामाजिक संगठन गैलो यूथ ऑर्गनाइजेशन (जीवाईओ) ने लिकाबली-बामे सड़क की बिगड़ती हालत पर चिंता व्यक्त की। संगठन ने आरोप लगाया कि प्रभावित क्षेत्रों में मरम्मत कार्य के लिए कोई एजेंसी या कार्यबल तैनात नहीं किया गया है।
भाषा
शुभम अविनाश
अविनाश

Facebook


