इटानगर, सात अप्रैल (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गैब्रियल डेनांग वांगसू ने पूरे राज्य में पेट्रोलियम उत्पादों के समान वितरण की आवश्यकता पर जोर दिया और कालाबाजारी एवं जमाखोरी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
मंत्री, मुख्य सचिव मनीष कुमार गुप्ता के साथ, सोमवार को यहां मोटर स्पिरिट (एमएस), हाई-स्पीड डीजल (एचएसडी) और एलपीजी की उपलब्धता और आपूर्ति पर राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक कर रहे थे।
मंगलवार को जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति में मंत्री ने समन्वित प्रयासों पर जोर देते हुए सभी हितधारकों को नजदीकी समन्वय बनाए रखने और आपूर्ति संबंधी किसी भी स्थानीय समस्या का तुरंत समाधान करने का निर्देश दिया।
वांगसू ने चेतावनी दी कि एलपीजी और अन्य पेट्रोलियम उत्पादों की कालाबाजारी या जमाखोरी में शामिल व्यक्तियों या एजेंसियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के संबंधित प्रावधानों के तहत मुकदमा चलाया जाएगा।
मुख्य सचिव ने ईंधन की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने और आपूर्ति में किसी भी प्रकार की बाधा का शीघ्र समाधान करने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहरायी।
बैठक के दौरान, सचिव ने 13 फरवरी को आयोजित पिछली समीक्षा बैठक में लिए गए निर्णयों पर की गई कार्रवाई के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सभी जिलों में पेट्रोलियम उत्पादों का वर्तमान भंडार पर्याप्त है और एमएस, एचएसडी और एलपीजी की आपूर्ति और वितरण पूरे राज्य में सामान्य है।
मंत्री और मुख्य सचिव दोनों ने जनता से घबराहट में खरीदारी करने से बचने और अफवाहें फैलाने से परहेज करने की अपील की, साथ ही नागरिकों से अपुष्ट या भ्रामक जानकारी पर भरोसा नहीं करने और जिम्मेदार व्यवहार करने का आग्रह किया।
भाषा अमित मनीषा
मनीषा