बोकारो, सात अप्रैल (भाषा) झारखंड पुलिस विभाग के एक लेखाकार को मंगलवार को बोकारो जिले के एक कोषागार से वेतन वितरण के लिए निर्धारित 3.15 करोड़ रुपये निकालने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
आरोपी की पहचान कौशल कुमार पाण्डेय के रूप में हुई है।
यह गिरफ्तारी बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा के निर्देश पर कोषागार अधिकारी गुलाब चंद उरांव द्वारा सोमवार को बोकारो स्टील सिटी थाने में दर्ज कराई गई प्राथमिकी के बाद हुई।
बोकारो के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) आलोक रंजन ने कहा, “कोषागार अधिकारी द्वारा प्राथमिकी दर्ज कराए जाने के बाद हमने लेखाकार को गिरफ्तार किया। कोषागार के अभिलेखों और बैंक खातों के विवरण की जांच में पाया गया कि वेतन मद से 3.15 करोड़ रुपये निकाले गए थे।”
उन्होंने बताया कि यह राशि वित्तीय वर्ष 2024-25 (मई 2024 से मार्च 2025) के लिए उपनिरीक्षक उपेंद्र सिंह के नाम पर निकाली गई और लेखाकार ने इसे अपनी पत्नी सहित अन्य बैंक खातों में हस्तांतरित कर दिया।
अतिरिक्त कलेक्टर एमडी मुमताज अंसारी ने कहा कि प्रारंभिक जांच में पाया गया है कि उपेंद्र सिंह के नाम पर वेतन मद से धन निकासी सामान्य प्रक्रिया से मेल नहीं खाती और गंभीर अनियमितताओं की आशंका है।
उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा, “जिन बैंक खातों में यह राशि भेजी गई है, उसमे से लेनदेन रोक देने के निर्देश दिए गए हैं। कोषागार कार्यालय के दस्तावेज जब्त किए जा रहे हैं।”
भाषा
राखी माधव
माधव