पटना, सात अप्रैल (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को कहा कि आपदा से प्रभावित लोगों का राज्य के कोष पर पहला अधिकार है।
मुख्यमंत्री आवास में बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (बीएसडीएमए) की बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ने संबंधित सभी एजेंसियों से आपदा प्रबंधन में कुशलतापूर्वक कार्य करने और पीड़ितों को समय पर सहायता सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा, “राज्य सरकार सभी आपदा प्रभावित पीड़ितों को सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा मानना है कि आपदा प्रभावितों का राज्य कोष पर पहला अधिकार है।”
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) द्वारा जारी बयान के अनुसार, “मुख्यमंत्री ने कहा कि नवंबर 2005 से राज्य सरकार आपदा प्रबंधन के लिए कई पहल कर रही है। बाढ़, सूखा, अग्निकांड, भूकंप और लू जैसी आपदाओं के प्रभावी प्रबंधन के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) विकसित की गई है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित लोगों को निःशुल्क भोजन, नकद सहायता, फसल क्षति मुआवजा, मकान क्षति मुआवजा और पशुधन हानि के लिए मुआवजा देने की व्यवस्था की गई है।”
बैठक में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, बीएसडीएमए के उपाध्यक्ष उदयकांत, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, आपदा प्रबंधन मंत्री नारायण प्रसाद तथा राज्य सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
भाषा कैलाश रंजन
रंजन