अरविंद केजरीवाल 16 जुलाई को सोनम वांगचुक से मुलाकात करेंगे: आप विधायक संजीव झा

अरविंद केजरीवाल 16 जुलाई को सोनम वांगचुक से मुलाकात करेंगे: आप विधायक संजीव झा

अरविंद केजरीवाल 16 जुलाई को सोनम वांगचुक से मुलाकात करेंगे: आप विधायक संजीव झा
Modified Date: July 15, 2026 / 04:09 pm IST
Published Date: July 15, 2026 4:09 pm IST

नयी दिल्ली, 15 जुलाई (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल बृहस्पतिवार को जंतर-मंतर पर सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से मुलाकात करेंगे। पार्टी विधायक संजीव झा ने बुधवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने लोगों से परीक्षा में कथित अनियमितताओं के खिलाफ जारी प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की।

झा ने कहा कि यह प्रदर्शन देश के युवाओं के लिए पारदर्शी परीक्षा प्रणाली और रोजगार के अवसर सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।

उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी एक वीडियो संदेश में कहा कि वांगचुक पिछले 17 दिनों से भूख हड़ताल पर हैं। उन्होंने कहा कि वांगचुक किसी निजी हित के लिए नहीं, बल्कि देश के युवाओं के भविष्य और परीक्षा प्रणाली में सुधार की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं।

आप विधायक ने वांगचुक को समाजसेवी बताते हुए कहा कि उन्होंने विशेष रूप से लद्दाख में जल संरक्षण और पर्वतीय क्षेत्रों के सतत विकास के लिए अपना जीवन समर्पित किया है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से अनशन पर रहने के कारण वांगचुक का स्वास्थ्य भी प्रभावित हुआ है।

झा ने कहा कि उन्होंने दो दिन पहले वांगचुक से मुलाकात कर उनसे अनशन समाप्त करने का आग्रह किया था, लेकिन वांगचुक ने स्पष्ट किया कि जब तक देश के युवाओं की चिंताओं का समाधान नहीं होता, तब तक वह अपना आंदोलन जारी रखेंगे।

उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार परीक्षा प्रश्नपत्र लीक होने की घटनाओं के कारण योग्य अभ्यर्थी नौकरियों से वंचित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह मुद्दा सीधे तौर पर देश के युवाओं के भविष्य से जुड़ा हुआ है।

झा ने बताया कि केजरीवाल बृहस्पतिवार शाम चार बजे जंतर-मंतर पहुंचकर वांगचुक के आंदोलन को समर्थन देंगे। उन्होंने दिल्ली और देश के अन्य हिस्सों के लोगों से प्रदर्शन स्थल पर पहुंचकर आंदोलन में शामिल होने की अपील की।

उन्होंने परीक्षाओं के उचित संचालन में कथित तौर पर विफल रहने के मुद्दे पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की भी मांग की।

भाषा

शुभम नरेश

नरेश


लेखक के बारे में