असम चुनाव : रायजोर दल ने उम्मीदवारों की अंतिम सूची घोषित की

असम चुनाव : रायजोर दल ने उम्मीदवारों की अंतिम सूची घोषित की

असम चुनाव : रायजोर दल ने उम्मीदवारों की अंतिम सूची घोषित की
Modified Date: March 22, 2026 / 11:48 am IST
Published Date: March 22, 2026 11:48 am IST

गुवाहाटी, 22 मार्च (भाषा) रायजोर दल ने असम विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की अपनी संशोधित अंतिम सूची घोषित कर दी है।

पार्टी ने राज्य में विपक्षी गठबंधन में शामिल होने और उसके तहत सीट बंटवारे के समझौते पर सहमति बनने के बाद तीन निर्वाचन क्षेत्रों से अपने उम्मीदवारों की उम्मीदवारी रद्द कर दी है।

अंतिम सूची में पार्टी अध्यक्ष अखिल गोगोई का नाम शामिल है जिन्हें शिवसागर सीट से फिर से उम्मीदवार बनाया गया है। सूची में विधायक अब्दुर रशीद मंडल का नाम भी शामिल है जो हाल में कांग्रेस छोड़कर इस क्षेत्रीय पार्टी में शामिल हुए थे। उन्हें पूर्वी गोलपाड़ा से उम्मीदवार बनाया गया है।

इस सूची में बोकाखाट निर्वाचन क्षेत्र के लिए पार्टी उम्मीदवार के नाम की घोषणा नहीं की गई है हालांकि उम्मीदवारों की पहली सूची में इस सीट से रतन दाओ को मैदान में उतारा गया था।

कांग्रेस छोड़कर इस महीने की शुरुआत में रायजोर दल में शामिल हुए एक अन्य विधायक शेरमन अली अहमद को पार्टी ने टिकट नहीं दिया।

रायजोर दल ने मार्गेरिटा से राहुल छेत्री को उम्मीदवार बनाया है। गठबंधन सहयोगी कांग्रेस के इस सीट से उम्मीदवार प्रतीक बोरदोलोई ने उनके पिता एवं लोकसभा सदस्य प्रद्युत बोरदोलोई के कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने के बाद अपना नाम वापस ले लिया।

पार्टी के अन्य उम्मीदवारों में गौरीपुर से अबुल मियां, मानस से अंजन तालुकदार, दलगांव से अजीजुर रहमान, धींग से महबूब मुख्तार, कालियाबोर से प्रदीप कुमार बरुआ, तेजपुर से आलोक नाथ, सिसिबोरगांव से दुलाल चंद्र बरुआ और मारीयानी से ज्ञानाश्री बोरा शामिल हैं।

डिगबोई निर्वाचन क्षेत्र से दुलाल मोरान को उम्मीदवार बनाया गया है जबकि इससे पहले इस सीट से लक्ष्यज्योति गोगोई को उम्मीदवार घोषित किया गया था।

पार्टी अध्यक्ष गोगोई ने नयी सूची पर हस्ताक्षर करते हुए कहा, ‘‘यह उम्मीदवारों की अंतिम सूची है। जिन माननीय सदस्यों की उम्मीदवारी की पहले घोषणा की गई थी और नयी सूची में जिनके नाम शामिल नहीं हैं, उनकी उम्मीदवारी रद्द की जाती है।’’

उन्होंने अंतिम सूची में शामिल नहीं किए गए नेताओं से माफी मांगते हुए कहा, ‘‘सांप्रदायिक भाजपा-आरएसएस (राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) ताकतों को उखाड़ फेंकने के लिए विपक्ष की एकता के हित में यह कठिन फैसला लेना पड़ा।’’

रायजोर दल ने पहले दो सूचियों में 13 सीट के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा की थी।

जिन लोगों की उम्मीदवारी रद्द की गई है उनमें नाओबोइचा से हरिकांत दास, धेमाजी से बाबुल सोनोवाल और जालुकबाड़ी से रमेन चंद्र बोरठाकुर शामिल हैं।

रायजोर दल अब कांग्रेस, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा), असम जातीय परिषद, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन और कार्बी आंगलोंग स्थित ‘ऑल पार्टी हिल लीडर्स कॉन्फ्रेंस’ (एपीएचएलसी) के साथ छह दलों के गठबंधन का हिस्सा है।

असम की 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव नौ अप्रैल को होंगे। मतों की गिनती चार मई को की जाएगी।

मौजूदा विधानसभा में सत्तारूढ़ भाजपा के 64 विधायक हैं जबकि उसके सहयोगियों असम गण परिषद (अगप) के नौ, यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल (यूपीपीएल) के सात और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) के तीन सदस्य हैं।

विपक्षी खेमे में कांग्रेस के 26 विधायक हैं, जबकि ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) के 15 सदस्य हैं और माकपा का एक विधायक है। एक निर्दलीय विधायक भी है।

भाषा

सिम्मी गोला

गोला


लेखक के बारे में