असम: भाजपा विधायक मोहन पटवारी ने अस्थायी विधानसभा अध्यक्ष के तौर पर शपथ ली

असम: भाजपा विधायक मोहन पटवारी ने अस्थायी विधानसभा अध्यक्ष के तौर पर शपथ ली

असम: भाजपा विधायक मोहन पटवारी ने अस्थायी विधानसभा अध्यक्ष के तौर पर शपथ ली
Modified Date: May 15, 2026 / 04:01 pm IST
Published Date: May 15, 2026 4:01 pm IST

(तस्वीरों के साथ)

गुवाहाटी, 15 मई (भाषा) असम के राज्यपाल ने लक्ष्मण प्रसाद ने राज्य की 16वीं विधानसभा के सबसे वरिष्ठ विधायक चंद्र मोहन पटवारी को शुक्रवार को अस्थायी विधानसभा अध्यक्ष पद की शपथ दिलाई।

आचार्य ने यहां लोक भवन (पूर्व में राजभवन) में आयोजित एक समारोह में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री पटवारी को अस्थायी विधानसभा अध्यक्ष पद की शपथ दिलाई।

राज्यपाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ आज असम के लोक भवन में, मैंने चंद्र मोहन पटवारी को नवगठित 16वीं असम विधानसभा के अस्थायी विधानसभा अध्यक्ष के रूप में पद की शपथ दिलाई।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे विश्वास है कि उनके व्यापक अनुभव और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता को देखते हुए, विधानसभा की प्रारंभिक कार्यवाही पूर्ण संवैधानिक गरिमा के साथ संचालित की जाएगी।’’

सातवीं बार विधायक चुने गए पटवारी ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘ आज लोक भवन में असम के माननीय राज्यपाल लक्ष्मण आचार्य जी से 16वीं असम विधानसभा के अस्थायी अध्यक्ष के रूप में शपथ लेने का सम्मान प्राप्त हुआ है।’’

पटवारी पहली बार 1985 में असम गण परिषद (एजीपी) के उम्मीदवार के रूप में धर्मपुर निर्वाचन क्षेत्र से विधायक चुने गए थे। उन्होंने इस निर्वाचन क्षेत्र का छह बार प्रतिनिधित्व किया है। वह 2016 और 2021 में भाजपा के टिकट पर इस सीट से विधायक चुने गए थे।

पटवारी को 2023 की परिसीमन प्रक्रिया के दौरान अस्तित्व में आई तिहू सीट से से नयी विधानसभा के लिए चुना गया है। इस सीट के अंतर्गत पूर्ववर्ती धर्मपुर सीट के कुछ हिस्से आते थे।

अस्थायी अध्यक्ष के रूप में, पटवारी 21 मई से शुरू होने वाले विधानसभा के पहले सत्र के दौरान नव निर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाएंगे।

मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने पूर्व में कहा था कि चार दिवसीय सत्र 26 मई तक चलेगा और पहले दिन विधायकों को शपथ दिलाई जाएगी।

नए अध्यक्ष के चुनाव होने तक पटवारी सदन की कार्यवाही का संचालन करेंगे।

सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने वरिष्ठ भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री रणजीत कुमार दास को विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया है। यह पद उन्होंने तब संभाला था, जब 2016 में राज्य में भाजपा के नेतृत्व में पहली बार सरकार बनी थी।

भाषा धीरज दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में