गुवाहाटी, 12 अगस्त (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बुधवार को कहा कि उनके अरुणाचल प्रदेश के समकक्ष पेमा खांडू को अंतरराज्यीय सीमा पर हुई अंधाधुंध गोलीबारी की घटना की जांच का आदेश ‘जरूर’ देना चाहिए और इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए।
भूमि अतिक्रमण विवाद को लेकर सोमवार को अरुणाचल प्रदेश के कुछ उपद्रवियों की ओर से असम के धेमाजी जिले में अंतरराज्यीय सीमा के पास की गई गोलीबारी में असम के कम से कम 12 लोग घायल हो गए।
शर्मा ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘हमें लड़ना नहीं चाहिए, हमें संघर्ष में शामिल नहीं होना चाहिए। अंततः हमें साथ रहना है। मैं अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री से अनुरोध करता हूं कि वह जांच का आदेश दें, दोषियों का पता लगाएं और उन्हें सजा दिलाएं।’’
उन्होंने कहा कि यह घटना पीड़ादायक है, खासकर इसलिए क्योंकि दोनों राज्यों ने अधिकतर क्षेत्रों में सीमा विवादों का समाधान कर लिया है।
शर्मा ने कहा, ‘केवल पांच क्षेत्रों में कुछ विवाद बाकी हैं। कल हुई हमारी मंत्रिमंडल की बैठक में हमने अपनी क्षेत्रीय समिति का पुनर्गठन किया है, ताकि हम अरुणाचल के साथ इस मुद्दे का समाधान कर सकें।’’
असम और अरुणाचल प्रदेश के बीच 804.1 किलोमीटर लंबी सीमा है, जो असम के उदलगुड़ी, सोनितपुर, बिश्वनाथ, लखीमपुर, धीमाजी, तिनसुकिया, डिब्रूगढ़ और चराईदेव जिलों तथा पड़ोसी राज्य के 12 जिलों से होकर गुजरती है।
दोनों राज्यों के बीच अंतरराज्यीय सीमा पर विवाद के करीब 1,200 बिंदु हैं।
भाषा तान्या सुरेश
सुरेश