नयी दिल्ली, 12 अगस्त (भाषा) एकीकृत लौह एवं इस्पात विनिर्माण कंपनी बिहारी लाल इंजीनियरिंग लिमिटेड के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को बुधवार को बोली के पहले दिन 2.03 गुना अभिदान मिला।
एनएसई के आंकड़ों के अनुसार, 302 करोड़ रुपये के आईपीओ में पेश 74,12,769 शेयरों के मुकाबले 1,50,12,556 शेयरों के लिए बोलियां मिलीं।
खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित हिस्से को 2.69 गुना अभिदान मिला, जबकि गैर-संस्थागत निवेशकों (एनआईआई) के हिस्से को 2.11 गुना अभिदान मिला। पात्र संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी) के हिस्से के लिए 73 प्रतिशत बोलियां मिलीं।
बिहारी लाल इंजीनियरिंग लिमिटेड ने मंगलवार को एंकर निवेशकों से 90.48 करोड़ रुपये जुटाए हैं।
कंपनी का आईपीओ 14 अगस्त को बंद होगा। इसके लिए मूल्य दायरा 271-285 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है।
सार्वजनिक निर्गम में 93 करोड़ रुपये तक के नए शेयर और 73.20 लाख तक इक्विटी शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) शामिल है।
कंपनी नए शेयरों की बिक्री से जुटाई गई राशि का इस्तेमाल अपनी विनिर्माण इकाइयों में उपकरण और मशीनरी, जिसमें कंप्यूटर और अन्य संबंधित उपकरण शामिल हैं, खरीदने एवं लगाने तथा संबंधित सिविल कार्यों पर करेगी।
भाषा योगेश अजय
अजय