नयी दिल्ली, 12 अगस्त (भाषा) दक्षिण दिल्ली के संगम विहार इलाके में एक महिला ने घरेलू कलह, आर्थिक तंगी और मारपीट से तंग आकर प्रेमी के साथ मिलकर पति की कथित रूप से बेहरमी से हत्या कर दी। पत्नी ने इस साजिश में साथ देने के लिए प्रेमी को 20 हजार रुपये भी दिए। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि इस हत्याकांड में संलिप्तता के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है जिनकी पहचान मंजू उर्फ नाजिया (45), उसका प्रेमी चमन (20) और किशन (28) के तौर पर हुई है। किशन ने चमन को शरण दी थी।
दक्षिण दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) अनंत मित्तल ने बताया कि महिला ने अपने पति की हत्या की साजिश में मदद करने के लिए अपने प्रेमी को पांच लाख रुपये देने का वादा किया था, लेकिन उसे बाद में 20 हजार रुपये दिए।
मित्तल ने बताया कि पुलिस ने सोमवार को संगम विहार इलाके में हुई मुन्ना लाल (55) की हत्या की जांच की। उन्होंने बताया कि जांच में सामने आया कि महिला ने चमन द्वारा दी गई नींद की गोलियों को पानी में मिलाकर मुन्ना को दी जिससे वह गहरी नींद में सो गया। डीसीपी ने कहा कि इसके बाद दोनों आरोपियों ने मुन्ना लाल का गला घोंटा, बिजली के झटके दिए और उस पर लकड़ी के डंडे से वार किए।
डीसीपी ने कहा कि नाज़िया ने शुरू में यह दावा करके जांचकर्ताओं को गुमराह करने का प्रयास किया कि चोर घर में घुस आए थे और उसके पति उनके साथ संघर्ष के दौरान मारे गए।
उन्होंने बताया कि आरोपियों ने लूट की फर्जी कहानी गढ़ी और इसे सही साबित करने के लिए घर के सामान को बिखेर दिया।
डीसीपी ने कहा कि शव को कथित तौर पर घर के पास एक सड़क पर फेंक दिया गया।
अधिकारी ने कहा, ‘हालांकि, सीसीटीवी फुटेज, फोरेंसिक साक्ष्य और स्थानीय निवासियों से पूछताछ से महिला के बयान पर संदेह उत्पन्न हुआ। जांच के दौरान, पुलिस को नाजिया और चमन द्वारा रची गई हत्या की साजिश के सबूत मिले।”
मित्तल ने बताया कि जांच से पता चला कि हत्या के पीछे कथित मकसद लगातार घरेलू विवाद, वित्तीय मुद्दे, पीड़ित द्वारा पत्नी के साथ मारपीट के साथ-साथ चमन के साथ महिला के संबंध थे।
भाषा नोमान नोमान पवनेश
पवनेश