असम के मंत्रियों ने कहा: हिमंत सरकार के कल्याणकारी उपायों की बदौलत जनसमर्थन मिला

असम के मंत्रियों ने कहा: हिमंत सरकार के कल्याणकारी उपायों की बदौलत जनसमर्थन मिला

असम के मंत्रियों ने कहा: हिमंत सरकार के कल्याणकारी उपायों की बदौलत जनसमर्थन मिला
Modified Date: May 4, 2026 / 04:12 pm IST
Published Date: May 4, 2026 4:12 pm IST

गुवाहाटी, चार मई (भाषा) असम में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की ओर बढ़ रहे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)-नीत राष्ट्रीय जतांत्रिक गठबंधन (राजग) के नेताओं ने कहा कि समाज के सभी वर्गों को लाभान्वित करने वाले कल्याणकारी उपायों ने राज्य में जनसमर्थन बनाए रखने में मदद की।

इन नेताओं ने यह भी दावा किया कि उचित रणनीति के अभाव में विपक्ष मतदाताओं तक प्रभावी ढंग से पहुंच बनाने में नाकाम रहा।

निर्वाचन आयोग के अनुसार, 126-सदस्यीय विधानसभा में भाजपा 71 सीट पर आगे है और 11 सीट पर उसके उम्मीदवार जीत हासिल कर चुके हैं। उसकी सहयोगी असम गण परिषद (अगप) नौ सीट पर आगे है, जबकि बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट एक सीट पर जीत हासिल करने के बाद नौ पर आगे है।

गोलाघाट से पुनः चुनाव लड़ रही वित्त मंत्री अजंता नेओग ने कहा, ‘‘हमारे आंकड़े मतदान-बाद सर्वेक्षण के अनुमानों से भी कहीं अधिक हैं। हम राज्य की जनता के इस जबरदस्त समर्थन के लिए आभारी हैं।’’

नेओग की बात से सहमति जताते हुए उनके कैबिनेट सहयोगी विमल बोरा ने कहा, ‘‘विपक्ष ने कोई व्यावहारिक राजनीति नहीं की। उन्होंने केवल छोटे-मोटे मुद्दों से लोगों का ध्यान भटकाने की कोशिश की।’’

बोरा ने दावा किया कि सरकार ने मुफ्त शिक्षा से लेकर महिला सशक्तीकरण तक विभिन्न योजनाओं के जरिये सभी वर्गों तक पहुंच बनाई, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।

निवर्तमान सरकार में सांस्कृतिक मामलों के मंत्री बोरा ने कहा, ‘‘सरकार ने समाज के सभी वर्गों का ध्यान रखा, इसीलिए भाजपा और उसके सहयोगियों को इतना जबरदस्त समर्थन मिला है।’’

भाषा खारी सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में