असम चुनाव: एजेपी की नेता कुंकी चौधरी ने फर्जी वीडियो को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई

असम चुनाव: एजेपी की नेता कुंकी चौधरी ने फर्जी वीडियो को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई

असम चुनाव: एजेपी की नेता कुंकी चौधरी ने फर्जी वीडियो को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई
Modified Date: April 4, 2026 / 09:18 pm IST
Published Date: April 4, 2026 9:18 pm IST

गुवाहाटी, चार अप्रैल (भाषा) असम विधानसभा चुनाव के लिए विपक्षी दल असम जातीय परिषद (एजेपी) की उम्मीदवार कुंकी चौधरी ने अपने परिवार के बारे में सोशल मीडिया पर कथित तौर पर फैलाई जा रही मानहानिकारक वीडियो के खिलाफ पुलिस में शनिवार को शिकायत दर्ज कराई।

चौधरी ने यह शिकायत मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा द्वारा उनकी मां की खान-पान की आदतों पर किए गए दावों के बाद दर्ज कराई गई है।

यह घटनाक्रम शर्मा के उस दावे के दो दिन बाद सामने आया है जिसमें उन्होंने कहा था कि कुंकी की मां, शिक्षाविद सुजाता गुरुंग चौधरी ने बीफ खाने से संबंधित पोस्ट साझा किए थे, कुछ वर्गों के लिए आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं और पाकिस्तान का समर्थन किया था, जिससे ‘सनातनी’ लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंची थी।

कुंकी ने अपनी शिकायत में कहा, ‘‘ये वीडियो मुझे गलत तरीके से चित्रित करते हैं, जिसका उद्देश्य मेरे चरित्र, प्रतिष्ठा, गरिमा और चुनावी संभावनाओं को नुकसान पहुंचाना है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘प्रसारित की जा रही सामग्री को कृत्रिम बुद्धिमत्ता/डीपफेक तकनीक का इस्तेमाल करके रूपांतरित और मनगढ़ंत बनाया गया है… इन वीडियो को संभवतः जनता में गलतफहमी पैदा करने के उद्देश्य से प्रसारित किया जा रहा है।’’

उन्होंने पुलिस से मामले को अत्यावश्यक मानते हुए दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की।

संपर्क करने पर एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि वे शिकायत की जांच कर रहे हैं और आरोपों को लेकर छानबीन शुरू कर दी गई है।

शिकायत दर्ज कराने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए कुंकी ने आरोप लगाया कि फर्जी वीडियो अपलोड करने वाले कुछ सोशल मीडिया उपयोगकर्ता सत्ताधारी भाजपा से जुड़े हैं और मुख्यमंत्री शर्मा के करीबी हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे समझ नहीं आता कि भाजपा मेरे खिलाफ इतना घटिया रवैया क्यों अपना रही है। मैं राजनीति में अभी नयी हूं और वे मेरे साथ ऐसा कर रहे हैं।’’

यूनिवर्सिटी कॉलेज लंदन से परास्नातक डिग्री प्राप्त 27 वर्षीय कुंकी गुवाहाटी मध्य निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव मैदान में हैं। उनका मुकाबला भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय कुमार गुप्ता से है।

मुख्यमंत्री शर्मा द्वारा उनकी मां पर लगाये गये आरोपों के बाद, कुंकी ने बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर एक व्यंग्यात्मक वीडियो पोस्ट किया था जिसमें उन्होंने देश में उन्हें घर-घर में मशहूर करने के लिए शर्मा को धन्यवाद दिया था।

उन्होंने कहा था, ‘‘माननीय मुख्यमंत्री जी को बहुत-बहुत धन्यवाद। मुझे पता चला है कि मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने मेरी मां पर कुछ आरोप लगाए हैं, जो पूरी तरह से झूठे हैं।’’

कुंकी ने कहा था कि ये आरोप साबित करते हैं कि ‘‘भाजपा ने गुवाहाटी मध्य सीट पर हार स्वीकार कर ली है।’’

भाषा देवेंद्र माधव

माधव


लेखक के बारे में