दिल्ली में तैनात पुलिसकर्मियों पर हमला, किशोर हिरासत में

दिल्ली में तैनात पुलिसकर्मियों पर हमला, किशोर हिरासत में

दिल्ली में तैनात पुलिसकर्मियों पर हमला, किशोर हिरासत में
Modified Date: August 23, 2026 / 03:09 pm IST
Published Date: August 23, 2026 3:09 pm IST

नयी दिल्ली, 23 अगस्त (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी के भलस्वा डेरी इलाके में गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों पर एक समूह ने कथित तौर पर ईंटों और डंडों से हमला कर दिया और उनकी आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया। इस हमले में तीन पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।

पुलिस ने रविवार को बताया कि यह घटना शनिवार अपराह्न करीब 3.30 बजे मुकुंदपुर में हुई।

भलस्वा डेरी पुलिस थाना के कर्मचारी कथित तौर पर बिना वैध दस्तावेजों के चलाए जा रहे एक मोटरसाइकिल को जब्त करके लौट रहे थे।

गश्त के दौरान हवलदार दिनेश और राजेश को मोटरसाइकिल मिली थी और वे उसे जमा करने के लिए पुलिस थाना ले आए थे।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘बाद में मोटरसाइकिल के मालिक और उसके परिवार के कुछ सदस्यों की पुलिसकर्मियों के साथ कथित तौर पर झड़प हो गई। आरोपियों ने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्च पाउडर फेंका और ईंटों व डंडों से उन पर हमला किया। अपने साथियों की मदद के लिए मौके पर पहुंचे हवलदार टीनू पर भी हमला किया गया।’’

तीनों कर्मचारियों को चोट पहुंची है, जिनमें से दिनेश के सिर पर चोट लगी। उन्हें चिकित्सा सहायता मुहैया कराई गई और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया जिसमें आरोपी कथित तौर पर पुलिसकर्मियों पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं।

स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने मौके से ही 17 साल के एक नाबालिग को पकड़ लिया, जबकि दूसरा आरोपी फरार होने में सफल रहा। भलस्वा डेरी पुलिस थाने में मामले को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस ने बताया कि फरार मुख्य आरोपी सुनील उर्फ पंकज, इलाके का एक कुख्यात अपराधी है और उसके खिलाफ पांच आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के प्रयास किये जा रहे हैं।

भाषा धीरज संतोष

संतोष


लेखक के बारे में