नीट रद्द होने और परीक्षाओं में अनियमितताओं के खिलाफ कर्नाटक में एएसयूआई का प्रदर्शन
नीट रद्द होने और परीक्षाओं में अनियमितताओं के खिलाफ कर्नाटक में एएसयूआई का प्रदर्शन
बेंगलुरु, 13 मई (भाषा) कांग्रेस की छात्र इकाई एनएसयूआई ने प्रश्न पत्र लीक होने के आरोपों के बाद राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) रद्द किए जाने की निंदा करते हुए कर्नाटक के कई हिस्सों में बुधवार को विरोध प्रदर्शन किए।
प्रदर्शनकारियों ने अधिकारियों पर इस राष्ट्रीय प्रवेश परीक्षा की शुचिता की रक्षा करने में विफल रहने का आरोप लगाया।
बेंगलुरु, मैसुरु, चिक्कबल्लापुर, हुब्बली, रायचूर और बागलकोट में विरोध प्रदर्शन किए गए। इस दौरान छात्रों ने परीक्षा में कथित अनिमितताओं के खिलाफ नारेबाजी की और प्रश्न पत्र लीक के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
एनएसयूआई के एक नेता ने कहा, “अगर अधिकारी राष्ट्रीय स्तर की अहर्ता परीक्षा उचित तरीके से आयोजित कराने के लिए सक्षम नहीं है, तो इससे पूरी परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।”
भारतीय राष्ट्रीय छात्रसंघ (नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया…. एनएसयूआई) के नेताओं ने कहा कि विरोध प्रदर्शनों में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया, जबकि विभिन्न जिलों में प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में भी लिया गया।
प्रदर्शनकारियों ने बार-बार सामने आ रहे राष्ट्रीय परीक्षाओं से जुड़े विवादों को लेकर केंद्र सरकार की भी आलोचना की।
बेंगलुरु में एनएसयूआई के सदस्यों ने चिक्कबल्लापुर से भाजपा सांसद के. सुधाकर के आवास के बाहर प्रदर्शन किया। के. सुधाकर भाजपा सरकार के दौरान कर्नाटक के स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा मंत्री थे।
भाषा जोहेब मनीषा
मनीषा

Facebook


