पश्चिम बंगाल में भय का माहौल; हत्याएं, बलात्कार, दंगे व राजनीतिक हिंसा चरम पर : मोदी
पश्चिम बंगाल में भय का माहौल; हत्याएं, बलात्कार, दंगे व राजनीतिक हिंसा चरम पर : मोदी
नयी दिल्ली, 14 अप्रैल (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को दावा किया कि पश्चिम बंगाल में भय का माहौल है, जहां हत्या, बलात्कार, दंगे और राजनीतिक हिंसा की घटनाएं चरम पर पहुंच गई हैं।
मोदी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में लोगों के बीच भाजपा को लेकर ऊर्जा और उत्साह वास्तव में उल्लेखनीय है।
मोदी ने ‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत’ कार्यक्रम के तहत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पश्चिम बंगाल के कार्यकर्ताओं से डिजिटल माध्यम से संवाद करते हुए कहा कि राज्य के लोग वाम मोर्चा के शासन में हुए अत्याचारों से मुक्ति पाने के लिए तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) को सत्ता में लाए थे, लेकिन ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार अपनी पूर्ववर्ती सरकारों से भी आगे निकल गई है।
मोदी ने कहा कि उन्हें पूरे पश्चिम बंगाल में भय का माहौल दिखाई दे रहा है, जहां युवा नौकरी को लेकर चिंतित हैं, आलू किसान टीएमसी के सिंडिकेट से डरते हैं और सरकारी कर्मचारियों को अपने अधिकार पाने के लिए अदालत का सहारा लेना पड़ता है।
उन्होंने कहा, “बंगाल में भय का वातावरण है। हत्याएं, बलात्कार, दंगे और राजनीतिक हिंसा अपने चरम पर हैं। हर कोई बहुत परेशान है।”
प्रधानमंत्री ने टीएमसी शासन को “कट-मनी” सरकार करार देते हुए कहा कि यह आम लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी सरकार ने भ्रष्टाचार को संस्थागत रूप दे दिया है।
मोदी ने यह दावा भी किया कि घुसपैठियों के कारण पश्चिम बंगाल के लोगों में बड़ी चिंता है।
उन्होंने कहा, “कई क्षेत्रों में वे जनसांख्यिकी के लिए खतरा बन गए हैं।”
मोदी ने कहा कि पिछले कुछ दिन में उन्हें पश्चिम बंगाल के हर हिस्से में जाने और लोगों से मिलने का अवसर मिला, और उनके बीच भाजपा के प्रति जो ऊर्जा, उत्साह व जोश उन्होंने देखा, वह वास्तव में उल्लेखनीय है।
मोदी ने कहा, “यह आप सभी बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत का परिणाम है। हर कार्यक्रम में मैं आपकी मेहनत देखता हूं और समाज के सभी वर्ग सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं। यह अपने आप में बहुत उत्साहजनक अनुभव है।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की अटूट प्रतिबद्धता पार्टी की जड़ों को और मजबूत कर रही है।
उन्होंने कहा, “‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ के मंत्र के साथ आप अपने-अपने बूथ पर लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंच रहे हैं और टीएमसी की निर्दयी सरकार के भय के बारे में अच्छी तरह लोगों को बता रहे हैं।”
मोदी ने कहा कि आगामी पश्चिम बंगाल चुनावों के लिए भाजपा के घोषणापत्र को भी लोग काफी सराह रहे हैं।
उन्होंने कहा, “महिलाओं तक व्यापक रूप से पहुंचें और उनकी छोटी लेकिन महत्वपूर्ण समस्याओं का समाधान करें। आर.जी. कर (बलात्कार) और संदेशखलि जैसे प्रमुख मुद्दों पर स्पष्ट रूप से बात करें, ताकि लोगों को याद रहे कि टीएमसी नेता वोट मांगते समय विनम्रता से बात करते हैं, लेकिन सत्ता में आने के बाद दमन का सहारा लेते हैं।”
चाय बागान के मजदूरों का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि पड़ोसी राज्य असम में चाय बागान श्रमिकों को काफी मदद मिल रही है, उन्हें जमीन के अधिकार मिले हैं और उनके लिए घर भी बनाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा, “ बंगाल में टीएमसी सरकार इसपर बिल्कुल ध्यान नहीं देती।”
पश्चिम बंगाल में दो चरण में मतदान होगा। पहले चरण में 23 अप्रैल, जबकि दूसरे चरण में 29 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे।
भाषा जोहेब दिलीप
दिलीप

Facebook


