Vedanta Power Plant Blast Update: सक्ती वेदांता पॉवर प्लांट हादसे पर फूटा स्थानीय लोगों का गुस्सा, धरने पर बैठे विधायक यादव, प्रबंधन ने कही ये बड़ी बात

सक्ती वेदांता पॉवर प्लांट हादसे पर फूटा स्थानीय लोगों का गुस्सा, धरने पर बैठे विधायक यादव, Vedanta Power Plant Blast Latest News and Updates

Vedanta Power Plant Blast Update: सक्ती वेदांता पॉवर प्लांट हादसे पर फूटा स्थानीय लोगों का गुस्सा, धरने पर बैठे विधायक यादव, प्रबंधन ने कही ये बड़ी बात
Modified Date: April 14, 2026 / 08:13 pm IST
Published Date: April 14, 2026 8:13 pm IST

सक्तीः Vedanta Power Plant Blast Update छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार दोपहर बॉयलर ब्लास्ट हो गया। इस हादसे में अब तक 10 मजदूरों की मौत हो गई है। वहीं कई मजदूर घायल हो गए हैं। घायलों को सक्ती, रायगढ़ और रायपुर के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कई की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद मृतकों के परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। परिजनों ने प्रशासन और प्लांट प्रबंधन पर लापरवाही तथा घटना की जानकारी छिपाने के आरोप लगाए हैं। इस मामले को लेकर कांग्रेस विधायक रामकुमार यादव धरने पर बैठ गए हैं। इधर सरकार की ओर मामले में जांच के आदेश दिए गए हैं। वहीं इस मामले को लेकर प्लांट प्रबंधन की भी प्रतिक्रिया आई है। कंपनी प्रबंधन ने कहा है कि यूनिट का संचालन NGSL ठेका कंपनी कर रही थी। प्रबंधन ने जांच समिति गठित की है।

सीएम साय ने दिए जांच के निर्देश

सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर फटने से हुई दुर्घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने इस घटना को अत्यंत पीड़ादायक और हृदय विदारक बताते हुए मृतकों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएँ प्रकट की हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सभी घायलों के उपचार में किसी प्रकार की कमी न हो तथा आवश्यकतानुसार बेहतर चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही, उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि इस दुर्घटना की गहन और निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। वहीं इस मामले में श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि इस हादसे के दोषियों के खिलाफ श्रम कानून के तहत कार्रवाई होगी। इतना ही नहीं मंत्री देवांगन ने घायलों और मृतकों को मुआवजा देने का भी ऐलान किया है। इसके साथ ही श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने इस पूरे मामले में जांच के निर्देश दिए हैं।

मृतकों के परिजनों को 1 करोड़ मुआवजा दिया जाए- बैज

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने हादसे में जान गंवाने वाले मृतकों के परिजनों को 1-1 करोड़ और घायलों को 50-50 लाख रुपए मुआवजा देने की मांग की है। बैज ने कहा कि इस घटना में 9 मजदूरों की मौत और 50 से अधिक के घायल होने की खबर बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने इसे हादसा नहीं बल्कि ‘हत्या’ बताते हुए प्लांट प्रबंधन और प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने मामले की न्यायिक जांच कराने, घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था करने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। वही इस भीषण दुर्घटना के बाद क्षेत्रीय विधायक और नेता प्रतिपक्ष डॉ चरण दास महंत ने जिले के कलेक्टर और एसपी से फ़ोन पर चर्चा करते हुए हालत की जानकारी ली है। उन्होंने सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर लिखा कि, “सक्ति जिला स्थित वेदांता प्लांट में हुई हालिया घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। घटना की गंभीरता को देखते हुए मैंने तत्काल सक्ति जिले के कलेक्टर और एसपी से फोन पर चर्चा कर वस्तुस्थिति की जानकारी ली।”

इन्हें भी पढ़ें:-

 


लेखक के बारे में

सवाल आपका है.. पत्रकारिता के माध्यम से जनसरोकारों और आप से जुड़े मुद्दों को सीधे सरकार के संज्ञान में लाना मेरा ध्येय है। विभिन्न मीडिया संस्थानों में 10 साल का अनुभव मुझे इस काम के लिए और प्रेरित करता है। कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से इलेक्ट्रानिक मीडिया और भाषा विज्ञान में ली हुई स्नातकोत्तर की दोनों डिग्रियां अपने कर्तव्य पथ पर आगे बढ़ने के लिए गति देती है।