ओमान तट के पास जहाजों पर हमला : भारत ने अमेरिकी दूतावास के प्रभारी अधिकारी को तलब किया
ओमान तट के पास जहाजों पर हमला : भारत ने अमेरिकी दूतावास के प्रभारी अधिकारी को तलब किया
नयी दिल्ली, 12 जून (भाषा) भारत ने शुक्रवार को अमेरिकी दूतावास के प्रभारी अधिकारी जेसन मीक्स को तलब किया और ओमान के तट के पास भारतीय चालक दल के सदस्यों वाले तीन वाणिज्यिक जहाजों पर अमेरिकी नौसेना के हमलों को लेकर कड़ा विरोध दर्ज कराया।
भारत ने इस सप्ताह दूसरी बार अमेरिकी दूतावास के प्रभारी अधिकारी को तलब किया है।
सरकार ने बृहस्पतिवार को कहा था कि अमेरिकी कार्रवाई में एक टैंकर के भारतीय चालक दल के तीन सदस्यों की मौत हो गई। अमेरिकी दूतावास के प्रभारी अधिकारी को विदेश मुख्यालय में तलब किया गया और उन्हें अमेरिका की सैन्य कार्रवाई को लेकर भारत की कड़ी आपत्ति से अवगत कराया गया।
मीक्स को बुधवार की रात भी तलब किया गया था।
भारत ने बृहस्पतिवार को कहा था कि इस सप्ताह ओमान तट के निकट तीन वाणिज्यिक जहाजों पर अमेरिकी सैन्य बलों के हमले में तीन भारतीय नागरिकों की मौत हो गई।
यह पहली बार था जब भारत ने सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया कि अमेरिकी नौसेना ने भारतीय चालक दल वाले जहाजों को निशाना बनाया था।
भारत ने कहा था कि ये हमले तुरंत रुकने चाहिए।
पलाउ के ध्वज वाले तेल टैंकर ‘मैरीवेक्स’ को आठ जून को अमेरिकी सुरक्षा बलों द्वारा निशाना बनाया गया। इसमें 24 भारतीय नाविक सवार थे। चालक दल के सभी सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया।
अमेरिका ने 10 जून को पलाउ ध्वज वाले एक अन्य टैंकर ‘सेटेबेलो’ पर हमला किया था, जिसमें जहाज पर सवार 24 भारतीय नाविकों में से तीन की मौत हो गई थी।
बृहस्पतिवार को 20 भारतीय को ले जा रहे गिनी-बिसाऊ के ध्वज वाले जहाज ‘जलवीर’ पर अमेरिकी नौसेना द्वारा हमला किया गया।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बृहस्पतिवार को कहा था कि ‘सेटेबेलो’, ‘मैरीवेक्स’ और ‘जलवीर’ पर हमले ‘‘अमेरिकी नौसेना की ओर से किए गए थे।’’
भाषा
देवेंद्र दिलीप
दिलीप

Facebook


