बीड अवैध रेत खनन: प्राथमिकी में 19 लोगों के नाम, विधायक ने तहसीलदार को बख्शे जाने पर उठाए सवाल
बीड अवैध रेत खनन: प्राथमिकी में 19 लोगों के नाम, विधायक ने तहसीलदार को बख्शे जाने पर उठाए सवाल
बीड, 19 जून (भाषा) महाराष्ट्र के बीड जिले के एक विधायक ने कथित अवैध रेत खनन मामले में कई राजस्व अधिकारियों सहित 19 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने के बाद सवाल उठाया है कि गेवराई के तहसीलदार के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की गई।
स्थानीय विधायक विजयसिंह पंडित ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि सरकारी आवास योजनाओं के लाभार्थियों को रेत उपलब्ध कराने की आड़ में गोदावरी नदी के तटवर्ती क्षेत्र से करीब 100 करोड़ रुपये मूल्य की रेत का अवैध उत्खनन किया जा रहा था।
विधायक ने कहा कि उन्होंने पहले इस कथित गिरोह की जांच विशेष जांच दल (एसआईटी) से कराने की मांग की थी। इसके बाद जिला प्रशासन ने कार्रवाई शुरू की और बुधवार को 19 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई।
पंडित ने कहा, ‘‘हम यह जानना चाहते हैं कि गेवराई के तहसीलदार के खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई क्यों नहीं की गई।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि श्री क्षेत्र राक्षसभुवन के पास गोदावरी नदी के तल से राजस्व और पुलिस अधिकारियों की मिलीभगत से अवैध रूप से रेत का खनन किया जा रहा था।
पंडित ने कहा कि वह इस मुद्दे को राज्य विधानसभा के आगामी शीतकालीन सत्र में उठाएंगे और आवश्यकता पड़ने पर अदालत का भी रुख करेंगे।
विधायक के इन आरोपों पर जिला प्रशासन की ओर से फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
भाषा तान्या शोभना
शोभना

Facebook


