बीड सरपंच हत्याकांड मामला: फरार आरोपी के मृतक के पैतृक गांव जाने का दावा
बीड सरपंच हत्याकांड मामला: फरार आरोपी के मृतक के पैतृक गांव जाने का दावा
बीड, 21 फरवरी (भाषा) बीड के सरपंच संतोष देशमुख के भाई ने शनिवार को दावा किया कि फरार आरोपी कृष्णा अंधाले पिछले छह महीनों में तीन बार उनके पैतृक गांव जा चुका है।
बीड के मस्सजोग के सरपंच संतोष देशमुख को क्षेत्र में पवन ऊर्जा परियोजना का संचालन कर रही एक ऊर्जा कंपनी को लेकर जबरन वसूली की कोशिश का विरोध करने पर नौ दिसंबर, 2024 को प्रताड़ित कर उनकी हत्या कर दी गई थी।
मामले की जांच के परिणामस्वरूप मुख्य आरोपी वाल्मिक कराड और अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया, लेकिन अंधाले अभी भी फरार है। अंधाले धारूर तहसील के मैंडवाड़ी गांव का रहने वाला है। कराड पूर्व मंत्री और राकांपा नेता धनंजय मुंडे का करीबी सहयोगी है।
मृतक सरपंच के भाई धनंजय देशमुख ने बताया कि अंधाले पिछले छह महीनों में तीन बार अपने पैतृक गांव जा चुका है और उन्होंने यह जानकारी स्थानीय पुलिस और सीआईडी को दे दी है।
उन्होंने कहा, ‘इस क्षेत्र में अंधाले की उपस्थिति मेरे परिवार के लिए गंभीर खतरा पैदा करती है।’
इस बीच, सरपंच हत्याकांड मामले की सुनवाई शनिवार को यहां एक अदालत में हुई, जिसमें विशेष लोक अभियोजक उज्ज्वल निकम की अनुपस्थिति में सहायक लोक अभियोजक बालासाहेब कोल्हे ने अभियोजन पक्ष का नेतृत्व किया।
देशमुख ने अदालत के बाहर पत्रकारों को बताया कि छह मार्च को होने वाली अगली सुनवाई में आरोपियों की संपत्तियों को जब्त करने की मांग की जाएगी।
भाषा तान्या वैभव
वैभव

Facebook


