बंगाल: मुफ्त बस यात्रा योजना के पहले दिन महिला यात्रियों की संख्या में 22 प्रतिशत वृद्धि
बंगाल: मुफ्त बस यात्रा योजना के पहले दिन महिला यात्रियों की संख्या में 22 प्रतिशत वृद्धि
कोलकाता, दो जून (भाषा) पश्चिम बंगाल में राज्य संचालित बसों में महिलाओं के लिए एक जून से शुरू की गई मुफ्त यात्रा योजना के पहले दिन महिला यात्रियों की संख्या में एक सप्ताह पहले की तुलना में लगभग 22 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। परिवहन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने कहा कि योजना के बारे में जागरूकता बढ़ने के साथ आने वाले सप्ताहों में यह संख्या और बढ़ने की संभावना है।
अधिकारी ने बताया कि 25 मई को कोलकाता में सरकारी बसों से लगभग दो लाख महिलाओं ने यात्रा की थी, जबकि पूरे राज्य में यह संख्या चार लाख थी।
उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “एक जून को, जिस दिन योजना लागू की गई, कोलकाता में यह संख्या बढ़कर 2,44,121 हो गई, जबकि पूरे पश्चिम बंगाल में यह लगभग 4.88 लाख तक पहुंच गई।”
उन्होंने कहा, “पहले ही दिन योजना को बेहद उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली है। महिला यात्रियों की संख्या में 22 प्रतिशत की वृद्धि यह दर्शाती है कि यह योजना एक वास्तविक आवश्यकता को पूरा कर रही है।”
अधिकारी ने बताया कि योजना के पहले दिन कोलकाता के बाद सबसे अधिक महिला लाभार्थी मुर्शिदाबाद, मालदा, पुरुलिया और बांकुड़ा जिलों में दर्ज की गईं।
उन्होंने कहा कि यात्रियों की संभावित संख्या को ध्यान में रखते हुए परिवहन विभाग बसों के बेड़े की क्षमता बढ़ाने की योजना तैयार कर रहा है।
अधिकारी ने कहा, “हम प्रमुख मार्गों पर बसों की संख्या बढ़ाने के उपायों पर विचार कर रहे हैं। सरकार राज्य संचालित सभी बसों में महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए अधिक सीटें आरक्षित करने पर भी विचार कर रही है।”
भाजपा सरकार ने अपना एक प्रमुख चुनावी वादा पूरा करते हुए एक जून से राज्य संचालित सभी बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा योजना शुरू की है।
महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि सरकारी बसों में महिलाओं को मुफ्त यात्रा सुविधा छोटी और लंबी दूरी, दोनों प्रकार की यात्राओं के लिए उपलब्ध होगी।
भाषा अमित प्रशांत
प्रशांत

Facebook


