कोलकाता, 24 सितंबर (भाषा) पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्धमान जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के ‘सेवा संकल्प’ कार्यक्रम के दौरान बृहस्पतिवार को पार्टी के एक नेता कक्षा शिक्षक की कुर्सी पर कथित तौर पर बैठकर छात्रों को संबोधित करते दिखे जबकि इस दौरान कक्षा के भीतर कई शिक्षक खड़े नजर आए।
घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो गया, जिसके बाद भाजपा नेता विवादों में घिर गए।
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने भाजपा की आलोचना करते हुए कहा कि सत्तारूढ़ दल को सामान्य कक्षाओं में बाधा डालने और स्कूल के शिक्षकों का अपमान करने का कोई अधिकार नहीं है।
सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में भाजपा के भातार विधानसभा क्षेत्र के संयोजक सुब्रत गोस्वामी को एक कक्षा में कुर्सी पर बैठकर छात्रों को कथित तौर पर संबोधित करते देखा गया।
वीडियो में शुशुंदिघी हाई स्कूल के कई शिक्षक उनके पास खड़े नजर आ रहे हैं। ‘पीटीआई-भाषा’ स्वतंत्र रूप से इस वीडियो की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं कर सका।
गोस्वामी ने इस बात से इनकार किया कि वह जानबूझकर शिक्षक की कुर्सी पर बैठे थे।
उन्होंने दावा किया कि शिक्षकों ने ही उन्हें वहां बैठने के लिए कहा था।
भाजपा नेता को ‘सेवा संकल्प’ कार्यक्रम के बारे में छात्रों से बात करते सुना गया।
यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निर्वाचित प्रतिनिधि के तौर पर 25 साल पूरे करने के अवसर पर आयोजित किया गया था।
उन्होंने 2047 तक भारत को विकसित देश बनाने के प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण के बारे में भी छात्रों को बताया।
माकपा की जिला इकाई के नेता दीपांकर डे ने कहा कि छात्रों को देश की विकास योजनाओं और ‘विकसित भारत’ के बारे में जानकारी मिलेगी लेकिन ‘‘भाजपा को सामान्य कक्षाओं में बाधा डालने का अधिकार नहीं है और उसके नेता छात्रों के सामने शिक्षकों का अपमान नहीं कर सकते।’’
उन्होंने कहा, ‘‘सत्तारूढ़ भाजपा को शिक्षण संस्थानों में अपने राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।’’
भाषा जितेंद्र मनीषा
मनीषा