मुंबई, 24 सितंबर (भाषा) हास्य कलाकार वीर दास को अंतरराष्ट्रीय एमी पुरस्कार 2026 में हास्य श्रेणी में नामित किया गया है। इसके साथ ही भारतीय स्ट्रीमिंग शो ‘रियल कश्मीर फुटबॉल क्लब’ को ड्रामा सीरीज श्रेणी में जगह मिली है।
प्रतिष्ठित टेलीविजन पुरस्कारों में दास को तीसरी बार नामित किया गया है। अमेरिका से बाहर निर्मित और प्रसारित होने वाले सर्वश्रेष्ठ टेलीविजन कार्यक्रमों को सम्मानित करने वाले इन पुरस्कारों के तहत बुधवार को 22 देशों की 16 श्रेणियों में 64 नामांकितों की घोषणा की गई।
दास को 2021 में ‘वीर दास: फॉर इंडिया’ के लिए हास्य श्रेणी में पहली बार नामित किया गया था। 2023 में ‘वीर दास: लैंडिंग’ के लिए उन्हें दूसरी बार नामित किया गया और उन्होंने इसी श्रेणी में पुरस्कार जीता। वह 2024 में पुरस्कार समारोह की मेजबानी भी कर चुके हैं।
इस वर्ष दास का मुकाबला अर्जेंटीना के ‘डिवीजन पालेर्मो-सीजन 2’, ब्रिटेन के ‘मैन वर्सेज बेबी’ और स्पेन के ‘ओल्ड डॉग, न्यू ट्रिक’ से होगा। इस श्रेणी के सभी कार्यक्रम नेटफ्लिक्स के हैं।
सोनी लिव के ‘‘रियल कश्मीर फुटबॉल क्लब’’ को ड्रामा सीरीज श्रेणी में ब्रिटेन की ‘‘ए थाउजेंड ब्लोज़’’, फ्रांस की ‘‘करेम’’ और अर्जेंटीना की ‘‘मेनेम’’ के साथ नामांकन मिला है।
दास ने एक बयान में कहा, “हर कुछ वर्षों में नेटफ्लिक्स और मुझे साथ मिलकर कुछ थोड़ा मूर्खतापूर्ण… मेरा मतलब है, मजेदार बनाने का एक नया बहाना मिल जाता है। अंतरराष्ट्रीय एमी पुरस्कार के लिए नामांकित होकर मैं एक बार फिर खुद को सम्मानित महसूस कर रहा हूं। ‘फूल वॉल्यूम’ खामोशी के बारे में है। अपनी आवाज होने का क्या मतलब है और जब आप असल में उसका इस्तेमाल करते हैं तो क्या होता है।”
उन्होंने कहा , “मैं जूरी, दर्शकों, अपनी टीम और नेटफ्लिक्स का बेहद आभारी हूं, जिन्होंने मुझे ऐसा काम करने दिया जिस पर मैं विश्वास करता हूं। और उन सभी लोगों को धन्यवाद जो इस यात्रा में मेरे साथ हंसे, स्पष्ट रूप से, मेरा यह भ्रम संक्रामक है।”
मोहम्मद जीशान अय्यूब और मानव कौल अभिनीत “रियल कश्मीर फुटबॉल क्लब” दो ऐसे पुरुषों की कहानी है जो कश्मीर में एक पेशेवर फुटबॉल टीम बनाने के लिए निकलते हैं। एक साझा सपने के रूप में शुरू हुई यह कहानी आगे चलकर दृढ़ संकल्प, समुदाय और फुटबॉल द्वारा उनके आसपास के लोगों के लिए संभावनाओं की गाथा बन जाती है।
अय्यूब ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि एमी पुरस्कारों में मिले इस नामांकन से इस कार्यक्रम को अधिक से अधिक दर्शकों तक पहुंचने में मदद मिलेगी।
भाषा प्रचेता मनीषा
मनीषा