लातूर, 24 सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र के लातूर में कथित तौर पर जन्मकुंडली से ‘दोष’ हटाने का झांसा देकर 17 वर्षीय लड़की से दुष्कर्म करने और उसे गर्भवती करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
विवेकानंद चौक थाने के एक अधिकारी ने बताया कि ठाकरे चौक निवासी रामेश्वर महाराज ने लड़की को विश्वास दिलाया कि उसकी ‘कुंडली’ में समस्या है, जिसे दूर करने के लिए कुछ अनुष्ठान करने होंगे।
उन्होंने कहा, ”सुधार के उपायों के नाम पर उसने लड़की के घर पर उसके साथ दुष्कर्म किया, जिसके कारण वह गर्भवती हो गई। उसने लड़की से यह बात किसी को नहीं बताने के लिए भी कहा और धमकी दी कि ऐसा करने पर कुंडली का दोष फिर से लौट आएगा। यह घटना जून में हुई थी।”
उप निरीक्षक ए. के. काले ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि इस मामले में भारतीय न्याय संहिता, यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम और राज्य के अंधविश्वास रोधी कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है।
काले ने बताया कि रामेश्वर को बुधवार को गिरफ्तार किया गया।
भाषा
शुभम नरेश
नरेश