बंगाल के मुख्यमंत्री ब्रिक्स रात्रिभोज में शामिल हो सकते हैं, मुंबई में मुकेश अंबानी से मिलेंगे
बंगाल के मुख्यमंत्री ब्रिक्स रात्रिभोज में शामिल हो सकते हैं, मुंबई में मुकेश अंबानी से मिलेंगे
कोलकाता, 11 सितंबर (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि वह शनिवार को दिल्ली में आयोजित होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के रात्रिभोज में शामिल हो सकते हैं। इसके अलावा, निवेश आकर्षित करने के प्रयासों के तहत वह मुंबई में रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी से भी मुलाकात करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह 24 सितंबर को कोलकाता के पास न्यू टाउन में अदाणी समूह द्वारा प्रस्तावित 2,000 बिस्तरों वाले अस्पताल के शिलान्यास समारोह में भी शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी के भी शामिल होने की उम्मीद है।
भारत 12 और 13 सितंबर को नयी दिल्ली में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है।
मुंबई दौरे के बारे में मुख्यमंत्री ने एक कार्यक्रम में कहा कि वह मुकेश अंबानी से मुलाकात करेंगे। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल के विकास में बड़े कॉरपोरेट समूहों की अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि मुकेश अंबानी के बेटे अनंत अंबानी ने उन्हें फोन कर परिवार के गणेश पूजा समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया था।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उनकी सरकार पूर्व मेदिनीपुर जिले के जूनपुट में एक रक्षा परियोजना स्थापित करने के लिए काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) ने पिछली सरकार को इस परियोजना के संबंध में पत्र भेजा था, लेकिन उसका कोई जवाब नहीं दिया गया था।
अधिकारी ने कहा, ‘‘ हमने उस पत्र का जवाब दे दिया है।’’ हालांकि, उन्होंने प्रस्तावित परियोजना के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी।
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, डीआरडीओ की जूनपुट में देश की हथियार प्रणालियों के परीक्षण के लिए एक केंद्र स्थापित करने की योजना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हल्दिया पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड की 6,000 करोड़ रुपये की विस्तार परियोजना पूरी हो चुकी है और उद्घाटन के लिए तैयार है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह दुर्गा पूजा से पहले इस सुविधा का उद्घाटन करेंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि राज्य सरकार जल्द ही 33 कंपनियों को परियोजनाएं स्थापित करने के लिए जमीन सौंपेगी।
ये घोषणाएं ऐसे समय हुई हैं जब भाजपा नीत राज्य सरकार पश्चिम बंगाल को निवेश के प्रमुख केंद्र के रूप में पेश करने और देश-विदेश की कंपनियों को राज्य में निवेश के लिए आकर्षित करने का प्रयास कर रही है।
भाषा शोभना मनीषा
मनीषा

Facebook


