बंगाल: नंदीग्राम उपचुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार को पांच अक्टूबर तक न्यायिक हिरासत में भेजा गया
बंगाल: नंदीग्राम उपचुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार को पांच अक्टूबर तक न्यायिक हिरासत में भेजा गया
कोलकाता, 21 सितंबर (भाषा) पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले की एक अदालत ने नंदीग्राम उपचुनाव के लिए कांग्रेस के उम्मीदवार मिलन प्रधान को 19 साल पहले खेजुरी थाने में दर्ज एक मामले में सोमवार को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
कांथी अदालत ने प्रधान को पांच अक्टूबर तक न्यायिक हिरासत में भेजा है। उनके वकील अयन भट्टाचार्य ने यह जानकारी दी और कहा कि वह इस आदेश को कलकत्ता उच्च न्यायालय में चुनौती देंगे।
प्रधान को इससे पहले 19 सितंबर को हल्दिया की एक अदालत ने हत्या समेत कई आरोपों के मामले में तीन अक्टूबर तक न्यायिक हिरासत में भेजा था। ये मामले 2007 के नंदीग्राम भूमि आंदोलन से जुड़े हैं।
इन आदेशों के कारण प्रधान के लिए खुद के पक्ष में चुनाव प्रचार करने का मौका वस्तुत: खत्म हो गया है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी द्वारा खाली की गई विधानसभा सीट पर छह अक्टूबर को होने वाले उपचुनाव के लिए प्रचार चार अक्टूबर को समाप्त हो जाएगा।
अधिकारी ने इस साल की शुरुआत में हुए विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी को हराने के बाद नंदीग्राम सीट से इस्तीफा दे दिया था और भवानीपुर सीट का प्रतिनिधित्व करने का फैसला किया था। उन्होंने नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों सीट से चुनाव लड़ा था।
भाषा जोहेब अविनाश
अविनाश

Facebook


