जीतेंद्र मिश्र ने राम मंदिर न्यास के सीईओ का पदभार संभाला

जीतेंद्र मिश्र ने राम मंदिर न्यास के सीईओ का पदभार संभाला

जीतेंद्र मिश्र ने राम मंदिर न्यास के सीईओ का पदभार संभाला
Modified Date: September 21, 2026 / 06:58 pm IST
Published Date: September 21, 2026 6:58 pm IST

अयोध्या, 21 सितंबर (भाषा) सेवानिवृत्त एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्र ने अयोध्या में राम मंदिर का प्रबंधन करने वाले श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के रूप में सोमवार को औपचारिक तौर पर पदभार ग्रहण कर लिया।

रविवार को अयोध्या पहुंचे मिश्र ने सोमवार सुबह राम मंदिर में पूजा-अर्चना की, जिसके बाद वह पदभार ग्रहण करने मंदिर परिसर में नवनिर्मित कार्यालय पहुंचे। मिश्र अयोध्या पहुंचने के बाद रविवार रात रामकोट क्षेत्र स्थित तीर्थ क्षेत्र भवन में ठहरे।

चढ़ावा चोरी के आरोपों के बीच प्रशासनिक पुनर्गठन के तहत 62 वर्षीय मिश्र को दो सितंबर को न्यास का प्रथम सीईओ नियुक्त किया गया था। मिश्र का चयन कई चरण की प्रक्रिया के बाद किया गया, जिसके लिए 5,585 आवेदन प्राप्त हुए थे। अयोध्या में 11 और 12 अगस्त को साक्षात्कार के लिए 16 उम्मीदवार छांटे गए थे।

भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के पूर्व अधिकारी राजेश पांडेय के चयन प्रक्रिया पर सवाल खड़ा करने के बाद न्यास ने पिछले हफ्ते स्पष्ट किया था कि मिश्र 11 अगस्त को साक्षात्कार के लिए व्यक्तिगत रूप से उपस्थित हुए थे।

हालांकि, पांडेय ने बाद में स्पष्ट किया था कि उन्होंने यह दावा नहीं किया था कि मिश्र साक्षात्कार के लिए उपस्थित नहीं हुए, बल्कि उन्होंने केवल यह कहा था कि साक्षात्कार के लिए दिए गए समय के दौरान मिश्र उन्हें साक्षात्कार स्थल पर नहीं दिखे थे।

भाषा

सं राजेंद्र पारुल

पारुल


लेखक के बारे में