बंगाल: शुभेंदु के सहयोगी की हत्या के कुछ घंटे बाद बम हमले में भाजपा के पांच कार्यकर्ता घायल
बंगाल: शुभेंदु के सहयोगी की हत्या के कुछ घंटे बाद बम हमले में भाजपा के पांच कार्यकर्ता घायल
कोलकाता, सात मई (भाषा) पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के पनिहाटी में हुए कथित बम विस्फोट में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पांच समर्थक घायल हो गए। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना बुधवार देर रात भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की मोटरसाइकिल सवार हमलावरों द्वारा गोली मारकर हत्या किए जाने के कुछ घंटों बाद हुई।
इस घटना के बाद भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस पर हिंसा फैलाने का आरोप लगाया। पनिहाटी के सेंट जेवियर्स इंस्टीट्यूशन के पास बम विस्फोट हुआ।
पुलिस ने बताया कि अज्ञात हमलावरों ने भाजपा कार्यकर्ताओं के एक समूह पर देसी बम फेंके, जिससे कम से कम पांच लोग घायल हो गए।
पुलिस के मुताबिक, घायलों को कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, पनिहाटी के वार्ड नंबर दो में दत्ता रोड पर भाजपा कार्यकर्ता निवासियों से बातचीत कर रहे थे कि तभी मोटरसाइकिल पर सवार कुछ लोगों ने उन पर बम फेंके और फरार हो गए।
भाजपा ने आरोप लगाया कि हमलावरों को सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस का समर्थन प्राप्त था। ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पार्टी ने इस आरोप को खारिज कर दिया।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “मामले की जांच शुरू कर दी गयी है और आसपास के इलाकों से सीसीटीवी फुटेज खंगाल जा रहे हैं ताकि इसमें शामिल लोगों की पहचान की जा सके। आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है।”
इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
अधिकारी ने बताया, “हम कड़ी निगरानी रख रहे हैं और लोगों से अपील करते हैं कि वे अफवाहें न फैलाएं।
उन्होंने बताया कि शांति बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
जिस इलाके में विस्फोट हुआ, वह नवनिर्वाचित भाजपा विधायक रत्ना देबनाथ के आवास के पास है।
आरजी कर अस्पताल में जिस महिला चिकित्सक की दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गयी थी, रत्ना देबनाथ उनकी मां हैं।
भाषा जितेंद्र मनीषा
मनीषा

Facebook


