बंगाल के मंत्री सुजीत बोस नगर निकाय भर्ती घोटाला मामले में ईडी के सामने पेश हुए

बंगाल के मंत्री सुजीत बोस नगर निकाय भर्ती घोटाला मामले में ईडी के सामने पेश हुए

बंगाल के मंत्री सुजीत बोस नगर निकाय भर्ती घोटाला मामले में ईडी के सामने पेश हुए
Modified Date: May 1, 2026 / 03:17 pm IST
Published Date: May 1, 2026 3:17 pm IST

कोलकाता, एक मई (भाषा) कलकत्ता उच्च न्यायालय के निर्देश पर पश्चिम बंगाल के अग्निशमन सेवा मंत्री सुजीत बोस शुक्रवार को कथित नगर निकाय भर्ती घोटाले के सिलसिले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समक्ष पूछताछ के लिए पेश हुए।

बोस पूर्वाह्न साढ़े दस बजे से कुछ समय पहले यहां साल्ट लेक में सीजीओ कॉम्प्लेक्स में ईडी कार्यालय पहुंचे । उनके साथ उनके बेटे समुद्र एवं दो वकील थे।

वह इससे पहले ईडी के तीन समन के बावजूद निदेशालय के सामने पेश नहीं हुए थे तथा उन्होंने चुनाव अभियान में व्यस्त रहने का हवाला दिया था।

उन्होंने परेशान किये जाने का आरोप लगाते हुए समन के खिलाफ उच्च न्यायालय में याचिका भी दायर की थी। उच्च न्यायालय ने उन्हें शुक्रवार को पूर्वाह्न 10:30 बजे से पहले एजेंसी के समक्ष पेश होने का निर्देश दिया था।

बोस बिधाननगर सीट से दोबारा चुनाव लड़ रहे हैं, जहां विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण में बुधवार को मतदान हुआ था।

दक्षिण दमदम नगरपालिका में कथित भर्ती अनियमितताओं के संबंध में बोस और उनके बेटे के स्वामित्व वाले प्रतिष्ठानों की ईडी ने दो बार तलाशी ली थी।

जांचकर्ताओं ने दावा किया है कि तलाशी अभियान के दौरान उन्हें अभियोजनयोग्य दस्तावेज बरामद हुए।

बोस ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वह भाजपा की राजनीतिक बदले की कार्रवाई का शिकार हुए हैं।

भाषा राजकुमार पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में