बंगाल चुनाव: भाजपा के दिलीप घोष ने खड़गपुर सदर सीट से नामांकन दाखिल किया

बंगाल चुनाव: भाजपा के दिलीप घोष ने खड़गपुर सदर सीट से नामांकन दाखिल किया

बंगाल चुनाव: भाजपा के दिलीप घोष ने खड़गपुर सदर सीट से नामांकन दाखिल किया
Modified Date: April 4, 2026 / 08:25 pm IST
Published Date: April 4, 2026 8:25 pm IST

कोलकाता, चार अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पश्चिम बंगाल इकाई के पूर्व अध्यक्ष दिलीप घोष ने शनिवार को खड़गपुर सदर विधानसभा सीट से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया और कहा कि विशेष गहन पुनीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत मतदाता सूची से ‘अवैध मतदाताओं’ के नाम हटाए जाने से तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) प्रमुख ममता बनर्जी ‘हताशा में चिल्ला रही हैं’।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और पश्चिम बंगाल विधानसभा के निवर्तमान नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी नामांकन दाखिल करने के दौरान घोष के साथ थे।

घोष ने नामांकन पत्र दाखिल करने से पहले राम मंदिर में पूजा-अर्चना की और संवाददाताओं से कहा कि इन विधानसभा चुनावों में बंगाल में हर जगह कमल (भाजपा का चुनाव चिन्ह) खिलेगा।

उन्होंने कहा, “फर्जी तरीकों से अपना नाम दर्ज कराने वाले एक करोड़ मतदाताओं के नाम हटाए जाने से ममता बनर्जी हताशा में चिल्ला रही हैं। इस बार उनकी हार निश्चित है।”

घोष के नामांकन पत्र दाखिल करने से पहले भाजपा ने ‘रोड शो’ किया।

घोष ने जुलूस के दौरान अधिकारी को गले लगाते हुए कहा, “भाजपा में कोई फूट नहीं है। यह मीडिया द्वारा फैलाई गई अफवाह है। हम पश्चिम बंगाल में तृणमूल रूपी राक्षस को सत्ता से बेदखल करने के लिए एकजुट हैं।”

घोष का मुकाबला टीएमसी के प्रदीप सरकार से है।

वर्ष 2019 के चुनावों में, घोष मेदिनीपुर लोकसभा सीट से निर्वाचित हुए थे। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनावों में, उन्हें बर्धवान-दुर्गापुर सीट से उम्मीदवार बनाया गया था, लेकिन वह चुनाव हार गए थे।

भाषा

राखी माधव

माधव


लेखक के बारे में