बेंगलुरु पीजी हत्या: आरोपी भोपाल में गिरफ्तार

Ads

बेंगलुरु पीजी हत्या: आरोपी भोपाल में गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - July 27, 2024 / 01:01 PM IST,
    Updated On - July 27, 2024 / 01:01 PM IST

बेंगलुरु, 27 जुलाई (भाषा) बेंगलुरु पुलिस ने 23 जुलाई को यहां एक पेइंग गेस्ट आवास में 24 वर्षीय एक युवती की हत्या के मुख्य संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी अभिषेक को भोपाल में गिरफ्तार किया गया। वह कृति कुमारी की कथित तौर पर हत्या करने के बाद भोपाल भाग गया था।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘हां, उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।’’

इस खौफनाक घटना का एक वीडियो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर सामने आया था।

पुलिस के अनुसार, अभिषेक पेइंग गेस्ट आवास में घुसा और बिहार की कृति कुमारी की हत्या कर दी। कृति कुमारी एक अन्य युवती के साथ रह रही थी।

वीडियो में, व्यक्ति एक पॉलीथीन बैग पकड़े हुए पेइंग गेस्ट आवास के गलियारे में जाता हुआ दिखायी देता है। फिर वह दरवाजा खटखटाता है और बाद में एक युवती को बाहर खींचता है। युवती हमले का विरोध करती है लेकिन हमलावर शीघ्र ही उस पर काबू कर लेता है और उसका गला रेतकर भाग जाता है।

आवाज सुनकर इमारत में मौजूद अन्य युवती मौके पर पहुंचती हैं, लेकिन उसे बचा नही पाती हैं।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि कृति कुमारी शहर में एक निजी कंपनी में काम करती थी।

भाषा अमित

अमित