बेंगलुरु पुलिस ने फर्जी आईपीएल टिकट वेबसाइट को लेकर साइबर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया
बेंगलुरु पुलिस ने फर्जी आईपीएल टिकट वेबसाइट को लेकर साइबर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया
बेंगलुरु, चार अप्रैल (भाषा) कर्नाटक के बेंगलुरु में होने वाले आईपीएल मैचों के टिकट बेचने वाली फर्जी वेबसाइट के जरिए कई लोगों से कथित तौर पर ठगी किये जाने के बाद पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
इलेक्ट्रॉनिक सिटी डिवीजन के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) एम नारायण ने शनिवार को बताया कि आगामी मैचों, जिनमें पांच अप्रैल को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ होने वाला मैच भी शामिल है, के टिकटों की भारी मांग के मद्देनजर धोखेबाजों ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के आधिकारिक टिकट प्लेटफॉर्म की नकल करते हुए एक फर्जी वेबसाइट बनाई।
उन्होंने कहा, “बेंगलुरु में आरसीबी के मैच 5, 15, 18 और 24 अप्रैल को निर्धारित हैं। टिकटों की भारी मांग के समय एक फर्जी वेबसाइट बनाई गई।
उन्होंने कहा, ‘उपयोगकर्ताओं से पैसे लेने के बाद, लिंक को तुरंत निष्क्रिय कर दिया गया।”
पुलिस ने बताया कि ऑनलाइन खोज रहे लोगों को लुभाने के लिए इस फर्जी वेबसाइट पर ‘‘एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम बेंगलुरु, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, आईपीएल 2026 टिकट बिक्री के लिए उपलब्ध’’ जैसे विवरण दिखाए गए थे। पीड़ितों को पेमेंट गेटवे पर री-डायरेक्ट किया गया, जहाँ उन्होंने अपनी सीटें चुनीं और भुगतान की प्रक्रिया पूरी की।
नारायण ने कहा, “अब तक, तीन ग्राहकों ने हुलिमावु पुलिस थाने में धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई है। हमने तुरंत साइबर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।” नारायण ने बताया कि अपराध में शामिल खातों को ब्लॉक करने और सोशल मीडिया मंच से सामग्री हटाने का अनुरोध करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
उन्होंने कहा, “प्रारंभिक जांच से संकेत मिलता है कि इन खातों के माध्यम से करोड़ों रुपये का लेन-देन हुआ होगा।”
पुलिस ने बताया कि तीनों शिकायतकर्ताओं ने क्रमशः 7,196 रुपये, 11,991 रुपये और 7,497 रुपये के नुकसान की सूचना दी है।
नारायण ने कहा, “खातों की जानकारी मिलते ही हमें लेन-देन की पूरी जानकारी मिल जाएगी। प्रथम दृष्टया, इसमें बड़ी रकम शामिल है।”
सावधानी बरतने की सलाह देते हुए डीसीपी ने कहा कि मैचों के टिकट आधिकारिक वेबसाइट पर पहले ही बिक चुके हैं।
उन्होंने कहा, “किसी अन्य लिंक के माध्यम से टिकट नहीं बेचे जा रहे हैं। अन्य सभी लिंक फर्जी हैं।”
नारायण ने कहा, “हम जनता से सभी फर्जी लिंक और वेबसाइटों से दूर रहने का अनुरोध करते हैं।”
भाषा
राखी दिलीप
दिलीप

Facebook


